Trending

ईटीपीएल में धोनी की चाह, अभिषेक बच्चन बोले- वजह बताने की जरूरत नहीं

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के छह साल बाद भी महेंद्र सिंह धोनी का करिश्मा जस का तस है और अभिनेता तथा ईटीपीएल के सह संस्थापक अभिषेक बच्चन का बोलना है कि वह नयी यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग में भविष्य में ‘कैप्टन कूल’ को देखना चाहेंगे।

यह पूछने पर कि वह ईटीपीएल में किस भारतीय क्रिकेटर को देखना चाहेंगे और क्यों, अभिषेक ने तुरंत जवाब दिया ,‘‘ महेंद्र सिंह धोनी।’’ उन्होंने डबलिन से एक समाचार एजेंसी को दिये इंटरव्यू में कहा ,‘‘क्या किसी को इस बात का कोई कारण देने की जरूरत है कि आप महेंद्र सिंह धोनी को क्रिकेट के मैदान पर क्यो देखना चाहते हैं।’’

2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा ले चुके धोनी आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं लेकिन मौजूदा सत्र में चोट के कारण अभी तक खेले नहीं हैं। बीसीसीआई के नियमों के तहत सभी तरह के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास ले चुके भारतीय पुरूष क्रिकेटर ही विदेश में टी20 लीग खेल सकते हैं।

साभार : सोशल मीडिया

अभिषेक ने स्वीकार किया कि मौजूदा भारतीय सितारों की कमी खलेगी लेकिन कहा कि ईटीपीएल की गुणवत्ता और वैश्विक अपील पर उन्हें भरोसा है। उन्होंने कहा ,‘‘अगर आपका क्रिकेट बेहतरीन है तो लोग देखने आयेंगे। मौजूदा भारतीय क्रिकेटर ईटीपीएल का हिस्सा होते तो हमें खुशी होती लेकिन बीसीसीआई के अनुबंध के तहत उन्हें आईपीएल के बाहर खेलने की अनुमति नहीं है। हमें उनकी कमी खलेगी।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ लेकिन भारतीय खिलाड़ियों से इतर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर ईटीपीएल में खेल रहे हैं तो मुझे लगता है कि यह कामयाब होगी।’’ 26 अगस्त से 20 सितंबर तक होने वाली यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग यूरोप में क्रिकेट को बढावा देने के लिये छह टीमों की फ्रेंचाइजी आधारित लीग है।

भारत के पूर्व क्रिकेटर और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ डबलिन गार्डियंस टीम के सह मालिक बने हैं जबकि बाकी टीमों के मालिकों में स्टीव वॉ, जोंटी रोड्स, ग्लेन मैक्सवेल शामिल हैं। इससे पहले इंडियन सुपर लीग (चेन्नइयिन एफसी) और प्रो कबड्डी लीग (जयपुर पैंथर्स) में निवेश कर चुके अभिषेक ने कहा कि क्रिकेट से प्रेम के कारण उन्हें ईटीपीएल में निवेश की प्रेरणा मिली।

उन्होंने कहा ,‘‘ मैं क्रिकेट का बड़ा मुरीद हूं। यही मेरी प्रेरणा बनी और यूरोप में टी20 लीग शुरू करना मेरे लिये गर्व की बात है।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे ऐसे खेलों में लीग शुरू करने की आदत हो गई है जो बाजार में दबदबा नहीं रखते। फुटबॉल हो, कबड्डी या स्ट्रीट क्रिकेट। यह मुझे रोमांचित करता है।’’

दुनिया भर में बढती टी20 लीग को लेकर चिंता को खारिज करते हुए उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे नहीं लगता कि इससे कोई नुकसान है। आपका टूर्नामेंट अगर प्रशंसकों को खींच रहा है और मनोरंजन दे रहा है तो वे जरूर देखेंगे।’’

अभिषेक ने यह भी कहा कि दर्शकों की बदलती आदतों को टी20 प्रारूप रास आ रहा है। उन्होंने कहा ,‘‘ अब किसी के पास समय नहीं है। क्रिकेटप्रेमी होने के नाते टेस्ट क्रिकेट से ऊपर कुछ नहीं लेकिन मौजूदा पीढी इतना समय देने की स्थिति में नहीं है लिहाजा टी20 बेहतरीन है।’’

यह पूछने पर कि आईपीएल या एसए20 जैसी सफल लीग से क्या सीखा है, अभिषेक ने मनोरंजन और बेहतरीन क्रिकेट की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा ,‘‘अगर दोनों लीग को देखें तो इनमें बेहतरीन, मनोरंजक और रोमांचक क्रिकेट खेला जाता है। यही सीखना है। अगर यह हो गया तो बाकी अपने आप हो जायेगा।’’

Related Articles

Back to top button