Trending

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने जीता सिख यूनियन क्लब नैरोबी शताब्दी टूर्नामेंट

मोहाली : राउंडग्लास हॉकी अकादमी (आरजीएचए) ने केन्या की राजधानी नैरोबी में आयोजित सिख यूनियन क्लब नैरोबी शताब्दी समारोह हॉकी टूर्नामेंट 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। सिख यूनियन क्लब की 100वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में विभिन्न अंतरराष्ट्रीय क्लबों ने हिस्सा लिया।

कोच कंकालाविष्णु और मैनेजर मनीषपांडे के मार्गदर्शन में खेल रही राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पूरे टूर्नामेंट में एस्ट्रो-टर्फ मैदानों पर बेहतरीन खेल, शानदार रणनीति और आक्रामक प्रदर्शन का परिचय दिया और फाइनल तक पहुंचकर खिताब अपने नाम किया।

ग्रुप चरण में मेजबान नैरोबी सिख यूनियन के खिलाफ 1-4 की हार के साथ शुरुआत करने के बावजूद, आरजीएचए के खिलाड़ियों ने जबरदस्त जज्बा दिखाया। इसके बाद टीम ने लगातार जीत का सिलसिला शुरू किया और अपने बाकी ग्रुप मुकाबलों में एकतरफा जीत दर्ज की। टीम ने लंदन सिख यूनियन को 9-0 से रौंदा, सैटेलाइट्स को 7-1 से हराया और नाइजरफ्लिकर्स को 8-3 से मात देकर नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।

सेमीफाइनल में भी टीम ने अपना शानदार गोल स्कोरिंग प्रदर्शन जारी रखा और सैटेलाइट्स के खिलाफ दोबारा हुए मुकाबले में 7-2 की बड़ी जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। सिख यूनियन क्लब मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने मेजबान नैरोबी सिख यूनियन के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-1 से जीत हासिल की।

मैच की शुरुआत में ही पहले मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल खाकर टीम पिछड़ गई थी। हालांकि, जर्मन सिंह ने 7वें और 9वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद 34वें मिनट में जोबनप्रीतसिंह और 46वें मिनट में गुरविंदरसिंह ने गोलकर टीम की जीत सुनिश्चित की।

इस जीत के साथ RGHA ने ग्रुप चरण में मिली हार का बदला भी पूरा किया और ऐतिहासिक खिताब अपने नाम किया। यह अंतरराष्ट्रीय सफलता राउंडग्लास हॉकी अकादमी के शानदार सत्र में एक और बड़ी उपलब्धि है। हाल ही में अकादमी के कई खिलाड़ियों का चयन भारतीय अंडर-18 और सीनियर राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविरों के लिए भी हुआ है।

Related Articles

Back to top button