भारत की स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं में 100 करोड़ रुपये निवेश करेगा एप्पल

:एप्पल ने भारत में नवीकरणीय ऊर्जा ढांचे के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। यह निवेश कंपनी के पर्यावरण संरक्षण और कार्बन तटस्थता लक्ष्यों का हिस्सा है। कंपनी ने बताया कि यह निवेश भारत की प्रमुख नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी CleanMax के साथ साझेदारी में किया जाएगा। इसके तहत देशभर में 150 मेगावाट से अधिक नई नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता विकसित की जाएगी।
कंपनी के अनुसार, यह क्षमता हर साल लगभग 1.5 लाख भारतीय घरों को बिजली उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त होगी। आने वाले वर्षों में इस परियोजना का विस्तार भी किया जा सकता है। इस पहल का उद्देश्य भारत में एप्पल की आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े कार्यों में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाना है। कंपनी ने वर्ष 2030 तक अपने पूरे कारोबारी ढांचे को कार्बन तटस्थ बनाने का लक्ष्य रखा है।
एप्पल की पर्यावरण और आपूर्ति श्रृंखला नवाचार उपाध्यक्ष सारा चैंडलर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण कंपनी के लिए नवाचार का भी महत्वपूर्ण आधार है और भारत की स्वच्छ ऊर्जा अर्थव्यवस्था में निवेश बढ़ाने पर उन्हें गर्व है। इससे पहले भी एप्पल और क्लीनमैक्स भारत में कार्यालयों और खुदरा स्टोरों के लिए छतों पर सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर साथ काम कर चुके हैं।
इसके अलावा, कंपनी ने भारत में प्लास्टिक प्रदूषण कम करने और हरित उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए नई साझेदारियों की भी घोषणा की है। एप्पल WWF India के साथ मिलकर पुनर्चक्रण और कचरा प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाओं पर काम कर रही है, ताकि प्लास्टिक कचरे को कम किया जा सके।
कंपनी Acumen के साथ भी साझेदारी कर रही है, जिसके तहत कचरा प्रबंधन, पुनर्योजी कृषि और परिपत्र अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले शुरुआती हरित उद्यमों को सहायता और मार्गदर्शन दिया जाएगा।
एप्पल के बारे में:
दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल एप्पल ( Apple Inc .) की 1 अप्रैल 1976 को अमेरिका मे शुरुआत हुई थी। इसकी शुरुआत स्टीव जॉब्स, स्टीव वॉजनियाक और रोनाल्ड वेन ने मिलकर की थी।
कंपनी ने उस समय एप्पल-1 नाम का एक कंप्यूटर बनाया था। इस कंप्यूटर को हाथ से बनाया गया था, यानी बिना किसी मशीन की मदद के।
इसे बनाने में स्टीव जॉब्स ने अपनी वोक्सवैगन बस और वॉजनियाक ने अपना HP-65 कैल्कुलेटर बेच दिया था।
आज कंपनी की कमान टिम कुक के पास है। उन्होंने कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
कंपनी ने मुंबई समेत भारत के कई शहरों में स्टोर खोले हैं। वहीं काफी संख्या में आईफोन की मैन्युफैक्चरिंग भी भारत में हो रही है।



