Trending

कार्तिका पद्मकुमार ने जीता हाई-इंटेंसिटी मैराथन फाइनल, बनीं बालिका एकल चैंपियन

आईटीएफ जूनियर जे30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट

लखनऊ। आईटीएफ जूनियर सर्किट की चर्चित खिलाड़ी और तीसरी वरीय भारत की कार्तिका पद्मकुमार ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आईटीएफ जूनियर जे30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट में बालिका एकल की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

ऋभव सरोहा ने बरकरार रखी लय, युगल के बाद जीता एकल खिताब

वहीं एक दिन पूर्व युगल खिताब जीत चुके राइजिंग टेनिस स्टार ऋभव सरोहा ने बेहतरीन लय बरकरार रखते हुए बालक एकल में भी विजेता होने का गौरव हासिल किया। उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन व केसरी स्पोर्ट्स द्वारा मिनी स्टेडियम विजयंतखंड गोमतीनगर के टेनिस कोर्ट पर आयोजित टूर्नामेंट में शनिवार को एकल के फाइनल मैच खेले गए।

समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि रत्न संजय (आईपीएस, आईजी सशस्त्र सीमा बल) ने एकल के विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के तौर पर यूपी हॉकी के उपाध्यक्ष एके त्रिपाठी (रिटायर्ड आरटीओ) की भी उपस्थिति रही।

इससे पूर्व अतिथिगण का स्वागत उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल व आयोजन सचिव समित केसरी ने किया। इस दौरान आयोजन समिति के चेयरमैन कर्नल नरेश रज़ोरा, लखनऊ जिला टेनिस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुमित घोष, आईटीएफ सुपरवाइजर लीना मंगेशकर सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

बालिका एकल के फाइनल में तीसरी वरीय भारत की कार्तिका पद्मकुमार ने दो घंटे 38 मिनट चले हाई-इंटेंसिटी मैराथन मुकाबले में चौथी वरीय भारत की हर्षा कार्तिका ओरुगांती को 6-4, 7-5 से पराजित किया।

मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें दोनों खिलाड़ियों ने लंबी रैलियों और दमदार बेसलाइन गेम के जरिए एक-दूसरे पर लगातार दबाव बनाए रखा। हालांकि निर्णायक मौकों पर कार्तिका पद्मकुमार ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए कुछ शानदार विनर शॉट लगाए और खिताब अपने नाम किया।

भारतीय जूनियर टेनिस सर्किट में तेजी से उभरती कर्नाटक की कार्तिका पद्मकुमार जनवरी 2025 में अंडर-14 ऑस्ट्रेलियन ओपन में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली एकमात्र बालिका खिलाड़ी रही थीं। उसी वर्ष वह बालिका अंडर-14 वर्ग में एशिया की नंबर-1 खिलाड़ी भी बनी थीं।

बंगलुरु के गियर इन्नोवेटिव स्कूल में 10वीं की छात्रा और हर्षा लिंगप्पा टेनिस अकादमी की प्रशिक्षु कार्तिका वर्ष 2023 में कजाकिस्तान में आयोजित आईटीएफ एशिया अंडर-12 टेनिस प्रतियोगिता में स्वर्ण विजेता भारतीय टीम की सदस्य रही थीं। इसके पूर्व उन्होंने बांग्लादेश में आयोजित दक्षिण एशियाई क्वालीफायर में भी स्वर्ण पदक जीता था।

बालक एकल के फाइनल में ऋभव सरोहा ने क्वालीफायर पार्थिव नल्लागुंडला की चुनौती को पूरी तरह ध्वस्त करते हुए 6-0, 6-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। मैच के दौरान सरोहा ने लगातार आक्रामक और तेज खेल दिखाया और प्रतिद्वंद्वी पर शुरू से ही दबाव बनाए रखा। उनकी तेज सर्विस, सटीक शॉट्स और शानदार कोर्ट कवरेज के सामने पार्थिव टिक नहीं सके।

एक दिन पूर्व बालक युगल खिताब जीत चुके चंडीगढ़ के सरोहा ने इसके साथ ही टूर्नामेंट में दोहरे खिताब अपने नाम कर लिए। यह उनका लगातार दूसरा एकल खिताब है। इसके पहले वह पिछले सप्ताह भुवनेश्वर में आयोजित आईटीएफ जे30 टेनिस टूर्नामेंट में बालक एकल विजेता बने थे।

Related Articles

Back to top button