ब्रूनो फर्नांडीस और खादिजा ‘बनी’ शॉ ने जीता फुटबॉल राइटर्स अवॉर्ड
इंग्लैंड में फुटबॉल सीजन अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और इसी बीच व्यक्तिगत पुरस्कारों की घोषणा ने खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों को नई पहचान दी है। ब्रूनो फर्नांडीस को फुटबॉल कवर करने वाले पत्रकारों ने इंग्लैंड में खेलने वाले खिलाड़ियों में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर चुना, जबकि खादिजा ‘बनी’ शॉ ने दूसरी बार महिलाओं का यह प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किया।
फुटबॉल राइटर्स एसोसिएशन द्वारा दिए जाने वाले इस सम्मान को हासिल करने वाले ब्रूनो फर्नांडीस ने पूरे सीजन में मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए अहम योगदान दिया। उन्होंने इस सत्र में टीम के 19 गोल में भूमिका निभाई, जो क्लब के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कम है। साथ ही उनकी कप्तानी में टीम ने चैंपियंस लीग में भी जगह बनाई।
पुर्तगाल के इस स्टार मिडफील्डर ने पुरस्कार की दौड़ में आर्सेनल के डेक्लान राइस और मैनचेस्टर सिटी के एर्लिंग हालैंड को पीछे छोड़ा। फुटबॉल राइटर्स एसोसिएशन के 900 से अधिक सदस्यों में से उन्हें 45 प्रतिशत वोट मिले।फर्नांडीस 2010 में वायने रूनी के बाद यह सम्मान जीतने वाले मैनचेस्टर यूनाइटेड के पहले खिलाड़ी बने हैं। 1947 से दिए जा रहे इस पुरस्कार को दुनिया का सबसे पुराना व्यक्तिगत फुटबॉल सम्मान माना जाता है।

महिला वर्ग में खादिजा ‘बनी’ शॉ ने एक बार फिर अपनी गोल स्कोरिंग क्षमता से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने 21 मैचों में सबसे अधिक 19 गोल दागकर मैनचेस्टर सिटी को 10 साल बाद महिला सुपर लीग का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। शॉ ने इस पुरस्कार की दौड़ में आर्सेनल की एलेशिया रूसो और चेल्सी की लॉरेन जेम्स को पीछे छोड़ा। इससे पहले भी वह 2024 में यह पुरस्कार जीत चुकी थीं।



