Trending

पंजाब : जालंधर में बीएसएफ कैंप व अमृतसर में सेना कंटाेनमेंट कैंप के बाहर बम धमाके

चंडीगढ़। पंजाब के जालंधर व अमृतसर में मंगलवार रात दो बम धमाके हुए। पहला धमाका जालंधर में बीएसएफ कैंप के बाहर हुआ तो कुछ घंटों के अंतराल पर दूसरा धमाका अमृतसर कंटोनमेंट कैंट के बाहर हुआ। दोनों धमाकों में आईईडी के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। पंजाब पुलिस तथा बीएसएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

धमाके की पहली घटना जालंंधर में पीएपी चौक के पास बीएसएफ कैंप के बाह हुई। यह धमाका जिस एक्टिवा में हुआ वह बीएसएफ के पूर्व जवान कश्मीर सिंह (गांव गढ़ा) की है। उनका इकलौता बेटा गुरप्रीत सिंह कूरियर बॉय का काम करता है। वह रात को एक्टिवा खड़ी कर हेडक्वार्टर के अंदर पार्सल देने गया था।

 

गुरप्रीत को पुलिस ने बीएसएफ हेडक्वार्टर में हिरासत में ले लिया है। घटना की सूचना मिलते ही जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। धनप्रीत कौर के अनुसार स्कूटी में आग लगने के बाद ही विस्फोट हुआ है। जानकारी मिली है कि स्कूटी पर दो युवक आए थे दोनों को पुलिस और सिक्योरिटी फोर्सेज ने हिरासत में रखा है। फॉरेंसिक टीमें जांच में जुटी हैं।

 

डिलीवरी बॉय गुरप्रीत सिंह उर्फ क्रिस ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह पार्सल देने नहीं बल्कि लेने आया था। एक्टिवा फुटपाथ पर खड़ी की और गेट पर पार्सल देने के लिए फौजी को कॉल किया। वह इंतजार कर रहा था, तभी एक युवक पास से निकला। कुछ देर बाद धमाका हो गया।

 

रात में ही जांच एजेंसियां बीएसएफ से रिटायर्ड कश्मीर सिंह के गढ़ा स्थित सडक़ मोहल्ला पहुंचीं। यहां गुरप्रीत के बारे में जानकारी जुटाई गई। पता चला कि वह अपने ममेरे भाई को घर छोड़कर सीधे बीएसएफ चौक आया था। जांच के बाद टीम वापस लौट गई।

 

इस घटना के कुछ घंटे बाद रात करीब 11.15 बजे अमृतसर के खासा स्थित आर्मी कैंप के बाहर बम धमाका हुआ। धमाके की सूचना के बाद सेना के आला अधिकारी तथा अमृतसर के एसएसपी देहाती सुहेल मीर भी पहुंचे। कई घंटे तक पुलिस ने अमृतसर में हुए धमाके की पुष्टि नहीं की।

 

बुधवार तड़के जांच पूरी होने के बाद एसएसपी ने बताया कि खासा मार्ग पर खासा में कैंट एरिया की दीवार के बाहर धमाके की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी व्यक्ति ने बाहर से कुछ धमाके वाली वस्तु को अंदर फेंका है। टीन के साथ टकराकर धमाका हो गया। जिससे बीएसएफ कैंप का टीन शैड उड़ गया। एफएसएल की टीमों ने घटनास्थल से नमूने एकत्र कर लिए है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि धमाकों में किस तरह की सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।

Related Articles

Back to top button