Trending

छग में एनटीपीसी सीपत के 7.19 करोड़ के सीएसआर कार्यों का हुआ लोकार्पण, अब उन्नत तकनीक से होंगी जांच

बिलासपुर/रायपुर : केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री तोखन साहू ने रविवार को बिलासपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) सीपत ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत लगभग 7.19 करोड़ रुपये की लागत से विकसित चिकित्सा सुविधाओं का लोकार्पण किया।

 

इस पहल के तहत शासकीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) को उन्नत उपकरणों और सुदृढ़ आधारभूत संरचना की महत्वपूर्ण सौगात मिली है। इसके तहत शासकीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में एनटीपीसी सीपत की लगभग 4.27 करोड़ रुपये की सहायता से स्थापित अत्यधुनिक रक्त केंद्र, माइक्रोबायोलॉजी प्रयोगशाला, हार्मोन लैब तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित माइक्रोस्कोपी सुविधा का उद्घाटन किया गया। यह रक्त केंद्र छत्तीसगढ़ का अपनी तरह का पहला अत्यधुनिक ब्लड बैंक है, जिसमें उन्नत तकनीक से युक्त विश्वस्तरीय मशीनें स्थापित की गई हैं, जिससे जांच और उपचार सेवाओं की गुणवत्ता में व्यापक सुधार होगा।

 

इसी क्रम में छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में लगभग 2.92 करोड़ रुपये की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व राशि से खरीद की गई मशीनों का भी लोकार्पण किया गया। नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन सीपत और सिम्स के मध्य उपकरणों के हस्तांतरण से संबंधित औपचारिक दस्तावेजों का आदान-प्रदान भी किया गया। इस सहायता से सिम्स के लगभग आठ विभागों के लिए कुल 26 आधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं, जिनमें हाई-एंड कलर डॉप्लर, ऑटोमैटिक केमिल्यूमिनेसेंस प्रणाली, हाई परफॉर्मेंस लिक्विड क्रोमैटोग्राफी (हाई परफॉर्मेंस लिक्विड क्रोमैटोग्राफी), सी-आर्म मशीन, ऑपरेशन थिएटर टेबल, डेंटल चेयर, मॉर्चुरी फ्रीजर, एमओ2 फ्रैक्शनल लेजर सिस्टम तथा एसीटी मशीन शामिल हैं।

 

मुख्य अतिथि तोखन साहू ने एनटीपीसी सीपत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में इस प्रकार का सहयोग छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक ब्लड बैंक, उन्नत प्रयोगशालाएं और आधुनिक उपकरण मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की पहलें न केवल जनसेवा को सुदृढ़ करती हैं, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति प्रदान करती हैं।

 

शासकीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के निदेशक, प्रोफेसर एवं मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह रक्त केंद्र पूर्णतः कंप्यूटरीकृत एवं ऑनलाइन प्रणाली पर आधारित है, जिससे जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि यहां सिंगल डोनर प्लेटलेट की सुविधा उपलब्ध होगी, जो कैंसर, डेंगू एवं अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों के उपचार में अत्यंत उपयोगी होगी। इसके अतिरिक्त, एफ़ेरेसिस मशीन, उन्नत माइक्रोबायोलॉजी उपकरण तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित माइक्रोस्कोप के माध्यम से जटिल बीमारियों की त्वरित और सटीक जांच संभव हो सकेगी।

 

छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) के डीन रमणेश मूर्ति ने कहा कि एनटीपीसी सीपत के सहयोग से स्थापित नई मशीनों के माध्यम से अब जटिल बीमारियों की जांच और उपचार स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगा, जिससे मरीजों को अन्य शहरों में जाने की आवश्यकता में कमी आएगी।

 

कार्यक्रम में विधायक बिल्हा धरमलाल कौशिक, विधायक बिलासपुर अमर अग्रवाल, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन सीपत के परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल, चिकित्सा संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button