ला लीगा: गेटाफे को 2-0 से हराकर खिताब के करीब पहुंचा बार्सिलोना, एटलेटिको की भी रोमांचक जीत
बार्सिलोना ने गेटाफे के खिलाफ 2-0 की जीत दर्ज करके स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लीगा में लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा दिया है। एटलेटिको मैड्रिड ने भी चैंपियंस लीग सेमीफाइनल में आर्सेनल से भिड़ने से पहले आत्मविश्वास से भरी जीत हासिल की।
बार्सिलोना से पहला गोल फ़र्मिन लोपेज़ ने 45वें मिनट में किया। उन्होंने यह गोल चोटिल लामिन यामल को समर्पित किया। टीम के लिए इस प्रतियोगिता में सबसे अधिक गोल करने वाले यामल मांसपेशियों में खिंचाव के कारण इस सत्र से बाहर हो गए हैं।
मार्कस रैशफोर्ड स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान पर आए और 74वें मिनट में गोल दागकर बार्सिलोना की 2-0 की जीत पक्की कर दी। गेटाफे के मैदान पर यह बार्सिलोना की पिछले छह सत्रों में पहली जीत है।

इस जीत के साथ बार्सिलोना ने दूसरे स्थान पर मौजूद रियाल मैड्रिड पर अपनी बढ़त 11 अंकों तक पहुंचा दी है, जबकि अब सिर्फ पांच दौर के मुकाबले बाकी हैं। बार्सिलोना के 33 मैचों में 85 अंक हैं, जबकि रियाल मैड्रिड के इतने ही मैचों में 74 अंक हैं।
उधर, एटलेटिको मैड्रिड ने एंटोनी ग्रिज़मैन के 49वें मिनट में किए गए गोल और अलेक्जेंडर सोरलॉथ के दो गोल से एथलेटिक बिलबाओ को 3-2 से हराया। हाल के मैचों में एटलेटिको का प्रदर्शन उतना प्रभावशाली नहीं रहा था, लेकिन आर्सेनल के खिलाफ बुधवार को होने वाले मुकाबले से पहले यह जीत टीम के मनोबल को निश्चित रूप से बढ़ाएगी।



