Trending

सचिन तेंदुलकर के 53वें जन्मदिन पर क्रिकेट जगत का सलाम, हर ओर से बधाइयों की बारिश

महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। तेंदुलकर को बीसीसीआई, आईसीसी अध्यक्ष जय शाह, और आईपीएल की विभिन्न फ्रेंचाइजियों ने जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।

साभार : गूगल

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने एक्स पर लिखा, “हमारे खेल के आइकॉन सचिन तेंदुलकर को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। क्रिकेट में आपका अद्भुत योगदान आने वाली पीढ़ियों को इस खेल को खेलने और देखने के लिए प्रेरित करता रहेगा, जबकि आपकी संवेदनशीलता और मानवता का समाज पर गहरा और निरंतर प्रभाव पड़ता रहेगा।”

बीसीसीआई ने भी सचिन तेंदुलकर को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, “2011 वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य, महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं।”

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने एक्स पर लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो, सचिन तेंदुलकर। आपका असाधारण सफर सिर्फ मैदान पर आपकी ऐतिहासिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि ईमानदारी, अनुशासन और खेल भावना जैसे मूल्यों से भी जुड़ा है, जिन्हें आपने हमेशा कायम रखा।

क्रिकेट के विकास और उसे वैश्विक पहचान दिलाने में आपका योगदान अतुलनीय है, जिसने खिलाड़ियों और प्रशासकों की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और क्रिकेट जगत को आगे भी मार्गदर्शन देने के लिए शुभकामनाएं।” आईपीएल की सभी फ्रेंचाइजियों ने भी सचिन तेंदुलकर को उनके जन्मदिन पर बधाइयां दीं।

मुंबई इंडियंस ने एक्स पर सचिन की केक काटते हुए एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “वह छोटा लड़का जो हर क्रिकेट प्रेमी के दिल की धड़कन बन गया। जन्मदिन मुबारक हो, सचिन तेंदुलकर।” गौरतलब है कि सचिन आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं और संन्यास के बाद से इस टीम के मेंटॉर हैं।

पंजाब किंग्स ने 2011 विश्व कप जीत के बाद की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “उस महान शख्सियत को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं, जो पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।”

कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने कप्तान अजिंक्य रहाणे और उपकप्तान रिंकू सिंह के साथ सचिन तेंदुलकर की तस्वीर साझा कर उन्हें बधाई दी।

दिल्ली कैपिटल्स ने सचिन के बचपन और 2011 विश्व कप ट्रॉफी उठाते हुए पलों का एक मिश्रित वीडियो साझा करते हुए लिखा, “सचिन सर, आपका यह दिन हम सभी के लिए उतना ही खास हो, जितने आप हैं।”

लखनऊ सुपर जायंट्स ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें सचिन के बेटे अर्जुन तेंदुलकर केक लेकर कहते हैं, “जन्मदिन मुबारक हो, मैं आपसे जल्द मिलूंगा।” वीडियो में सचिन और अर्जुन की कई तस्वीरें भी दिखाई गईं। अर्जुन तेंदुलकर आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लिखा, “हर पीढ़ी ने एक ही नाम में अपना हीरो देखा है—वह नाम है सचिन तेंदुलकर। एक ऐसे व्यक्ति जिन्होंने सिर्फ क्रिकेट नहीं खेला, बल्कि इसे हम सभी के लिए एक धर्म, एक सहारा और विश्वास का कारण बना दिया। जन्मदिन मुबारक हो, क्रिकेट के भगवान।”

गुजरात टाइटंस ने लिखा, “उस महान व्यक्ति का जश्न मनाएं, जिसने ‘सचिन-सचिन’ के नारे को एक भावना बना दिया।”

चेन्नई सुपर किंग्स ने कहा, “जब भी आप मैदान पर उतरे, हर पारी एक ऐसी कहानी बन गई जिसने दशकों तक क्रिकेट को परिभाषित किया। क्रिकेट के भगवान को जन्मदिन की शुभकामनाएं।”

सनराइजर्स हैदराबाद ने लिखा, “स्ट्रेट ड्राइव। डेजर्ट स्टॉर्म। 100 शतक। हैप्पी बर्थडे, मास्टर ब्लास्टर।”

Related Articles

Back to top button