कोपा इटालिया: इंटर मिलान की ‘मैजिकल’ वापसी, कोमो को हराकर फाइनल में मारी एंट्री
इटली की प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता कोपा इटालिया में इंटर मिलान ने शानदार वापसी करते हुए सेमीफाइनल के दूसरे चरण में कोमो को 3-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। पहला चरण गोलरहित रहने के बाद खेले गए इस मुकाबले में इंटर ने दो गोल से पिछड़ने के बावजूद जीत के साथ खिताब की दौड़ में खुद को मजबूत बनाए रखा है।
कोमो के लिए मार्टिन बाटुरीना और कप्तान लुकास दा कुन्हा ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इंटर मिलान से हाकान चाल्हानोग्लू ने शानदार खेल दिखाते हुए दो गोल किए। उन्होंने पहले जोरदार लंबी दूरी का शॉट लगाकर टीम की वापसी कराई और फिर 86वें मिनट में हेडर के जरिए बराबरी दिलाई।
मैच के 89वें मिनट में पेटार सुचिच ने चाल्हानोग्लू के साथ बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए विजयी गोल दागा। इंटर मिलान अब फाइनल में पहुंच गया है, जो 13 मई को खेला जाएगा। दूसरी सेमीफाइनल में अटलांटा और लाजियो के बीच मुकाबला होना है, जहां पहला चरण 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुआ था।

इंटर मिलान इस समय इटली की शीर्ष लीग सीरी ए में भी शीर्ष पर चल रहा है और इस सप्ताहांत खिताब अपने नाम कर सकता है। गौरतलब है कि इंटर ने आखिरी बार 2010 में कोच जोसे मोरिन्हो के नेतृत्व में लीग, कप और चैंपियंस लीग जीतकर ट्रेबल हासिल किया था।
इंटर मिलान ने इससे पहले 2023 में अपना आखिरी कोपा इटालिया खिताब जीता था और अब टीम एक बार फिर इतिहास दोहराने के करीब पहुंच गई है।



