जेएनटी अंडर-12 ट्रायल में रिकॉर्ड तोड़ उत्साह, एक हफ्ते में 293 रजिस्ट्रेशन
जेएनटी अंडर-12 ट्रायल के लिए शुरू हुए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन इस बार केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रदेशभर के युवा खिलाड़ियों के बढ़ते रुझान और खेल के प्रति जुनून की कहानी बनकर सामने आए हैं।
इस बार खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। 10 अप्रैल से शुरू हुई प्रक्रिया के महज एक सप्ताह के भीतर 293 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराकर नए कीर्तिमान की ओर संकेत दे दिया है।
सचिव संजय शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के लगभग सभी जिलों से खिलाड़ियों की भागीदारी हो रही है, जो इस पहल की व्यापक पहुंच को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 5 मई तक चलने वाले रजिस्ट्रेशन में पिछले वर्षों के सभी रिकॉर्ड टूट सकते हैं।

आंकड़ों के अनुसार 17 अप्रैल तक सबसे अधिक 130 खिलाड़ियों ने कानपुर से रजिस्ट्रेशन कराया है, जबकि लखनऊ से 60, उन्नाव से 16, फतेहपुर से 10, वाराणसी से 8, कालपी से 7, झांसी और बांदा से 5-5, देवरिया से 5, गोरखपुर व अलीगढ़ से 4-4 तथा राठ से 3 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है।
सुल्तानपुर, नई दिल्ली, अंबेडकर नगर और नोएडा से भी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। वहीं औरैया, गाजीपुर, शाहगंज, मिर्जापुर, उरई, चित्रकूट, बस्ती, रेनूकूट, हापुड़, नजीबाबाद, आगरा, पुखरायां, बाराबंकी, महोबा, अमरोहा, गुरसराय, मऊ, एटा, मौदाहा, फतेहपुर सीकरी, सिलवासा और रायबरेली सहित कई अन्य क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने भी रजिस्ट्रेशन कराया है।



