Trending

गेंदबाजों के बाद स्टब्स-राहुल का जलवा, दिल्ली कैपिटल्स ने बेंगलुरु को दी शिकस्त

गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद केएल राहुल (57) और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 60) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल टी20 मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हराया।

फिल सॉल्ट की तेजतर्रार 63 रन की पारी के बावजूद दिल्ली ने आरसीबी को 175 रन पर रोक दिया और फिर 19.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। दिल्ली से राहुल ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए।

टीम के सिर्फ 18 रन पर तीन विकेट गिर जाने के बाद उन्होंने स्टब्स के साथ चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों में 69 रन जोड़े। इसके बाद स्टब्स ने कप्तान अक्षर पटेल (26 रन, रिटायर हर्ट) के साथ 35 गेंदों में 47 रन की अटूट साझेदारी निभाई। अक्षर 16वें ओवर में चोट के कारण रिटायर हर्ट हो गए।

© BCCI

स्टब्स ने संयम से बल्लेबाजी करते हुए अपनी नाबाद पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया, जबकि डेविड मिलर (नाबाद 22) ने आखिरी ओवर में लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई।

आरसीबी से भुवनेश्वर कुमार ने तीन विकेट लिए, जबकि कृणाल पंड्या को एक सफलता मिली। सॉल्ट ने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए, लेकिन अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और लुंगी एनगिडी ने दो-दो विकेट लेकर अन्य बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। मुकेश कुमार को भी एक विकेट मिला।

सॉल्ट ने पहले विकेट के लिए विराट कोहली (19) के साथ 31 गेंदों में 52 रन और दूसरे विकेट के लिए देवदत्त पडिक्कल (18) के साथ 29 गेंदों में 47 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। हालांकि 11वें ओवर में उनके आउट होने के बाद टिम डेविड (26) को छोड़कर कोई बल्लेबाज तेजी से रन नहीं बना सका।

© BCCI

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत खराब रही। भुवनेश्वर कुमार ने अपने शुरुआती दो ओवरों में तीन विकेट झटक दिए। उन्होंने पहले ओवर में पथुम निसांका (1) को एलबीडब्ल्यू आउट किया और तीसरे ओवर में करुण नायर (5) और समीर रिजवी (2) को पवेलियन भेज दिया।

राहुल ने दूसरे छोर से जोश हेजलवुड का स्वागत छक्के से किया और चौथे ओवर में रसिक सलाम के खिलाफ मिड-ऑफ के ऊपर से चौका लगाया। शुरुआती झटकों के बावजूद राहुल ने आक्रामक रुख अपनाया और पांचवें ओवर में हेजलवुड के खिलाफ छक्का और लगातार चौके लगाकर दबाव कम किया। पावरप्ले में दिल्ली ने तीन विकेट पर 50 रन बना लिए।

स्टब्स संभलकर खेलते रहे, जबकि राहुल ने सुयश शर्मा के खिलाफ तीन चौके लगाकर रन गति बनाए रखी और 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 11वें ओवर में कृणाल पंड्या ने राहुल को आउट कर दिल्ली को बड़ा झटका दिया, जहां विराट कोहली ने शानदार कैच लिया।

अक्षर पटेल ने क्रीज पर आते ही आक्रामक अंदाज दिखाया। उन्होंने कृणाल की बाउंसर पर चौका लगाया और फिर हेजलवुड तथा सलाम के खिलाफ भी बाउंड्री लगाई। दूसरी ओर स्टब्स ने धीरे-धीरे लय पकड़ी और सलाम व सुयश के खिलाफ चौके लगाए।

आखिरी छह ओवर में दिल्ली को 51 रन चाहिए थे, लेकिन आरसीबी के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की। इसी दौरान अक्षर चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। स्टब्स ने भुवनेश्वर के खिलाफ छक्का लगाकर बाउंड्री का सूखा खत्म किया और 41 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।

19वें ओवर में स्टब्स ने सलाम के खिलाफ चौका लगाया, हालांकि गेंदबाज ने वापसी करते हुए सिर्फ 10 रन दिए। आखिरी ओवर में दिल्ली को 15 रन चाहिए थे, जहां डेविड मिलर ने रोमारियो शेफर्ड की तीसरी और चौथी गेंद पर छक्के लगाकर स्कोर बराबर किया और फिर चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई।

इससे पहले सॉल्ट ने शुरुआती ओवरों में औकिब नबी के खिलाफ चौका लगाया, जबकि विराट कोहली ने मुकेश कुमार की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से शानदार शॉट खेला। उन्होंने अगले ओवर में भी लेग स्टंप के बाहर जाकर चौका जड़ा।

सॉल्ट ने पांचवें ओवर में नबी के खिलाफ दो चौके और एक छक्का लगाकर 18 रन बटोरे और टीम का अर्धशतक पूरा कराया। अगले ओवर में एनगिडी ने कोहली को आउट कर 52 रन की साझेदारी तोड़ी।

सॉल्ट और पडिक्कल ने आगे भी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। सॉल्ट ने कुलदीप यादव के खिलाफ छक्का लगाकर 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अक्षर पटेल ने पडिक्कल को आउट किया, जबकि कुलदीप ने सॉल्ट को पवेलियन भेजा। टिम डेविड ने एनगिडी के खिलाफ छक्का और चौका लगाया, लेकिन कप्तान रजत पाटीदार (8) मुकेश कुमार की गेंद पर आउट हो गए।

डेविड ने अक्षर के खिलाफ चौका लगाया, लेकिन बाद में बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए। कुलदीप ने शेफर्ड (1) को एलबीडब्ल्यू किया। कृणाल पंड्या (12) ने एनगिडी के खिलाफ छक्का लगाया, लेकिन आखिरी ओवर में रन आउट हो गए। जितेश शर्मा ने 14 रन बनाए, लेकिन प्रभाव नहीं छोड़ सके। आरसीबी ने आखिरी पांच ओवरों में चार विकेट गंवाकर सिर्फ 29 रन बनाए।

Related Articles

Back to top button