भारतीय महिला हॉकी टीम का दमदार जज्बा: अर्जेंटीना के खिलाफ सीरीज 2-2 से बराबर
भारतीय महिला हॉकी टीम ने अर्जेंटीना के खिलाफ खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी करते हुए आखिरी दो मैच जीतकर श्रृंखला को 2-2 से बराबरी पर खत्म किया। दौरे की शुरुआत 13 अप्रैल को पहले मैच से हुई, जिसमें अर्जेंटीना ने 4-2 से जीत दर्ज की।
भारत के लिए नवनीत कौर ने 22वें मिनट में और अन्नु ने 29वें मिनट में गोल दागे, जबकि मेजबान टीम की ओर से मारिया एमिलिया लारसन ने 11वें मिनट में, विक्टोरिया ग्रानाटो ने 18वें मिनट में एक-एक गोल किया तथा जूलिएटा जांकुनास ने 42वें और 55वें मिनट में दो गोल किए।
दूसरा मैच 14 अप्रैल को खेला गया, जिसमें अर्जेंटीना 2-1 से विजयी रही। भारत के लिए एकमात्र गोल 22वें मिनट में इशिका ने किया, जबकि अर्जेंटीना की ओर से आगस्टिना गोर्जेलानी ने 34वें और 48वें मिनट में गोल किए। तीसरे मैच में भारत ने वापसी करते हुए 16 अप्रैल को खेले गए मुकाबले को 2-1 से जीत लिया।

भारत के लिए नवनीत कौर ने 26वें मिनट में और नेहा ने 37वें मिनट में गोल किए, जबकि अर्जेंटीना के लिए एकमात्र गोल आगस्टिना ने 52वें मिनट में दागा। श्रृंखला का आखिरी मैच 17 अप्रैल को खेला गया, जिसमें निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर रहीं। भारतीय डिफेंडरों ने अर्जेंटीना को कोई मौका नहीं दिया। इसके बाद भारत ने शूटआउट में 3-2 से जीत दर्ज की।
भारत की कार्यवाहक कप्तान नवनीत कौर ने कहा, “पहले दो मैच हारने के बाद जिस तरह से टीम ने वापसी की, उससे मैं बहुत खुश हूं। अर्जेंटीना जैसी विश्व स्तरीय टीम के खिलाफ दो मैच हारने के बाद वापसी करना आसान नहीं होता, लेकिन हमने वह जज्बा दिखाया।” उन्होंने आगे कहा, “इससे साबित होता है कि भारतीय महिला हॉकी सही दिशा में जा रही है और हम शीर्ष स्तर पर दबाव का सामना कर सकते हैं।”



