Trending

अमरीका का सिएटल शहर स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने वाला पहला नगर निगम बना 

अमरीका का सिएटल शहर स्वामी विवेकानंद ( Swami Vivekanand) की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने वाला पहला नगर निकाय बन गया है। यह प्रतिमा वेस्टलेक स्क्वायर पार्क ( Westlake Square Park) में स्थापित की गई है। सिएटल की मेयर केटी विल्सन और सिएटल स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने इसका अनावरण किया। यह प्रतिमा सिएटल के डाउनटाउन में स्थित प्रतिष्ठित “वेस्टलेक स्क्वायर” में है। यह शहर में अनूठा मिलन स्थल है, जहां प्रतिदिन 4 लाख से अधिक लोग आते हैं।

यह प्रतिमा वेस्टलेक स्क्वायर में लगाई गई है, जो सिएटल शहर का एक बेहद प्रसिद्ध और व्यस्त इलाका है. यहां रोजाना करीब 4 लाख लोग आते हैं और हर महीने लाखों पर्यटक इस जगह पर पहुंचते हैं. यह स्थान अमेजन स्फीयर्स, सिएटल कन्वेंशन सेंटर और सिएटल सेंटर मोनोरेल के पास स्थित है, जिससे इसकी अहमियत और भी बढ़ जाती है।

भारत की ओर से दिया गया खास उपहार :

यह प्रतिमा इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस (ICCR) की ओर से सिएटल शहर को उपहार के रूप में दी गई है। यह कदम भारत की सांस्कृतिक कूटनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य दुनिया भर में भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देना और लोगों के बीच रिश्तों को मजबूत करना है। इस कार्यक्रम का आयोजन ICCR डे के मौके पर किया गया, जो इस पहल को और खास बनाता है। स्वामी विवेकानंद एक महान संत, दार्शनिक और आध्यात्मिक गुरु थे, जिन्होंने वेदांत और योग को पश्चिमी देशों में लोकप्रिय बनाया. उनका जीवन (1863–1902) भारत की आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक माना जाता है।

इस प्रतिमा को भारत के प्रसिद्ध मूर्तिकार नरेश कुमार कुमावत ने तैयार किया है। उन्होंने दुनिया के 80 से ज्यादा देशों में 600 से अधिक प्रतिमाएं बनाई हैं, जो भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधित्व करती हैं। इस मौके पर भारतीय सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। समारोह में मौजूद लोगों को स्वामी विवेकानंद से जुड़े संदेश भी दिए गए और स्मृति चिन्ह (Souvenir) भी वितरित किए गए।

इस प्रतिमा की स्थापना को भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते सांस्कृतिक संबंधों के रूप में देखा जा रहा है। खासकर अमेरिका के पैसिफिक नॉर्थवेस्ट क्षेत्र में यह कदम लोगों के बीच जुड़ाव को और मजबूत करेगा।

Related Articles

Back to top button