एलएसजी बनाम गुजरात : क्लूजनर को गेंदबाजी पर भरोसा, दहिया ने गिल की तारीफ की
लखनऊ। आईपीएल में रविवार को इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और गुजरात टाइटन्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। मैच से पहले दोनों टीमों के सहायक कोचों ने अपनी-अपनी रणनीति और तैयारियों को लेकर भरोसा जताया है।
एलएसजी के सहायक कोच लांस क्लूजनर ने टीम की गेंदबाजी को सबसे बड़ा हथियार बताया। उन्होंने कहा कि इस सीजन गेंदबाजी इकाई में सुधार हुआ है और हालिया जीतों से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है।
क्लूजनर ने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर भरोसा जताते हुए कहा कि निकोलस पूरन, एडेन मार्करम और मिचेल मार्श जैसे खिलाड़ी जल्द ही लय पकड़ेंगे।

वहीं गुजरात टाइटन्स के सहायक कोच विजय दहिया ने कहा कि टीम मौजूदा फॉर्म से संतुष्ट है और परिस्थितियों से फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कप्तान शुभमन गिल की तारीफ करते हुए उन्हें “बेहतरीन क्रिकेट छात्र” बताया। राशिद खान को लेकर दहिया ने कहा कि चैंपियन खिलाड़ी हर परिस्थिति में प्रदर्शन करते हैं।
वैसे इकाना की मिक्स सॉइल पिच पर स्पिन और तेज गेंदबाजों दोनों को मदद मिलने की संभावना है, जिससे मुकाबला संतुलित रहने की उम्मीद है। एलएसजी जहां घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाना चाहेगी, वहीं गुजरात अपनी जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी।



