यूरोपा लीग : एससी फ्रीबर्ग का ऐतिहासिक धमाका, सेल्टा विगो को 3-0 से रौंदा
एससी फ्रीबर्ग ने सेल्टा विगो के खिलाफ यूईएफए यूरोपा लीग क्वार्टरफाइनल के पहले लेग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3-0 की प्रभावशाली जीत दर्ज की। जर्मनी के फ्रीबर्ग इम ब्रेइसगाऊ में खेले गए इस मुकाबले में मेजबान टीम ने शुरुआत से ही खेल पर अपना पूरा नियंत्रण बनाए रखा।
क्लब के इतिहास में पहली बार यूरोपियन क्वार्टरफाइनल खेल रही फ्रीबर्ग ने शुरुआती मिनटों से ही आक्रामक रणनीति अपनाई। इसका फायदा उन्हें 10वें मिनट में मिला, जब कप्तान विन्सेन्जो ग्रिफो ने बॉक्स के बाहर से जोरदार शॉट लगाकर टीम को बढ़त दिलाई। उनका शॉट डिफ्लेक्ट होकर गोल में चला गया, जिससे गोलकीपर के पास बचाव का कोई मौका नहीं था।
पहला गोल के बाद भी फ्रीबर्ग ने अपनी आक्रामकता कम नहीं की और लगातार हमले जारी रखे। उनकी काउंटर-प्रेसिंग रणनीति ने सेल्टा विगो को संभलने का मौका नहीं दिया। 32वें मिनट में इगोर मटानोविक की शानदार पासिंग पर निकोलस बेस्टे ने आसान गोल करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया।

दूसरे हाफ में भी मैच का नियंत्रण पूरी तरह फ्रीबर्ग के पास रहा। हालांकि सेल्टा विगो ने कुछ बदलाव किए, वे खेल की दिशा बदलने में सफल नहीं हो सके। 70वें मिनट में बोर्जा इग्लेसियस ने एक मौका जरूर बनाया, लेकिन वह उसे गोल में तब्दील नहीं कर पाए।
फ्रीबर्ग ने तीसरा गोल कॉर्नर किक से किया। बेस्टे द्वारा दी गई गेंद पर मैथियास गिंटर ने बेहतरीन हेडर लगाकर टीम की बढ़त 3-0 कर दी। इसके बाद दोनों टीमों को कुछ मौके जरूर मिले, लेकिन कोई और गोल नहीं हो सका।
मैच के बाद ग्रिफो ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी टीम ने बेहद परिपक्व और साहसी खेल दिखाया। उन्होंने यह भी माना कि 3-0 की बढ़त अहम है, क्योंकि अगला लेग स्पेन में खेला जाएगा, जो आसान नहीं होगा। इस जीत के साथ फ्रीबर्ग ने सेमीफाइनल में पहुंचने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा लिया है, जबकि सेल्टा विगो को वापसी के लिए दूसरे लेग में असाधारण प्रदर्शन करना होगा।



