Trending

एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप: सात्विक-चिराग बाहर, अब लक्ष्य और सिंधु पर टिकी भारत की उम्मीदें

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप से अपना नाम वापस ले लिया है, और अब इस प्रतियोगिता में भारत की उम्मीदें शानदार फॉर्म में चल रहे लक्ष्य सेन और अनुभवी पीवी सिंधु पर केंद्रित होंगी।

सात्विक अभी कंधे की चोट से उबर रहे हैं, जिसके कारण इस स्टार भारतीय जोड़ी को टूर्नामेंट से नाम वापस लेना पड़ा। सात्विक और चिराग ने 2023 में इसी प्रतियोगिता का खिताब जीता था। भारतीय कोच टैन किम हेर ने एक समाचार एजेंसी को बताया, “सात्विक को अभी भी कुछ दर्द है, इसलिए वे इस सप्ताह नहीं खेल पाएंगे।”

सात्विक के दाहिने कंधे में दर्द के कारण यह जोड़ी स्विस ओपन में भी क्वार्टर फाइनल से हट गई थी। इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप में भारत की नजरें अब एकल खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी, जिसका नेतृत्व लक्ष्य सेन और पीवी सिंधु करेंगे। यह दोनों खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में एकल में देश के 61 साल से चले आ रहे इंतजार को खत्म करने की कोशिश करेंगे।

साभार : गूगल

पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन दिनेश खन्ना एकमात्र भारतीय हैं जिन्होंने 1965 में महाद्वीपीय प्रतियोगिता में पुरुष एकल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में उपविजेता रहने के बाद लक्ष्य सेन उनके नक्शेकदम पर चलने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

अल्मोड़ा के 24 वर्षीय लक्ष्य सेन हांगकांग के ली चेउक यिउ के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगे। महिला एकल में पीवी सिंधु यूरोपीय चरण में भाग नहीं ले पाने के बाद वापसी कर रही हैं। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के लिए इंग्लैंड जाते समय दुबई में फंस गई थीं, जिसके चलते उन्हें टूर्नामेंट से हटना पड़ा।

इसके बाद उन्होंने आराम करने के लिए स्विस ओपन में हिस्सा नहीं लिया। अब उनका पहला मुकाबला मलेशिया की वोंग लिंग चिंग से होगा। पुरुष एकल वर्ग में भारत के अन्य खिलाड़ी भी चुनौती पेश करेंगे।

कंधे की चोट से उबरकर वापसी कर रहे एचएस प्रणय का सामना क्वालीफायर से होगा, वहीं किदांबी श्रीकांत सिंगापुर के आठवें वरीयता प्राप्त लोह कीन यू से भिड़ेंगे। यूएस ओपन चैंपियन आयुष शेट्टी का मुकाबला चीन के पांचवीं वरीयता प्राप्त ली शी फेंग से होगा।

महिला एकल में सिंधु के अलावा भारत की उन्नति हुडा का सामना थाईलैंड की सुपानिडा काटेथोंग से, तन्वी शर्मा का सामना मलेशिया की के लेटशाना से, और मालविका बंसोड़ का सामना थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान से होगा।

पुरुष युगल में हरिहरन आमसकारुनन और एमआर अर्जुन का मुकाबला दक्षिण कोरिया के किम वॉन हो और सियो सेउंग जे की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी से होगा, जबकि पी कृष्णमूर्ति रॉय और साई प्रतीक जापान के काकेरू कुमागाई और हिरोकी निशी से भिड़ेंगे।

महिला युगल में अश्विनी भट और शिखा गौतम का मुकाबला थाईलैंड की हथैथिप मिजाद और एन तुंगकासतन से होगा, जबकि त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद पुलेला का सामना चीन की लूओ यी और वांग टिंग गे से होगा। प्रिया कोंजेंगबम और श्रुति मिश्रा को क्वालीफायर से भिड़ना है।

मिश्रित युगल में रोहन कपूर और गड्डे रूथविका शिवानी का सामना मलेशिया की आठवीं वरीयता प्राप्त गोह सून हुआत और लाई शेवोन जेमी से होगा। अशिथ सूर्या और अमृता प्रमुथेश की जोड़ी मलेशिया के वोंग टीएन सी और लिम चिव सिएन से भिड़ेगी। ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो का मुकाबला थाईलैंड के पी होर्बनलुइकिट और बेन्यापा एम्सार्ड से होगा।

Related Articles

Back to top button