Trending

संकट में सीएसके: अश्विन ने बताया वापसी का मंत्र, डुप्लेसी ने जताया संजू पर भरोसा

दिग्गज भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल में लगातार हार का सामना कर रही चेन्नई सुपर किंग्स के लिए चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि टीम को युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने और एक ठोस कार्यशैली अपनाने की आवश्यकता है।

सीएसके को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों 43 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही टीम अब तक खेले गए तीनों मैचों में बिना जीत के ही अंकतालिका में सबसे निचले स्थान पर है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि ड्रेसिंग रूम का माहौल काफी तनावपूर्ण होगा। ऐसे समय में शब्दों की सख्ती मायने नहीं रखती। मेरी राय में, इतनी युवा टीम के लिए आगे बढ़ने का सबसे सही रास्ता है अतीत की हार को पीछे छोड़कर अपने खेल का स्तर ऊंचा करना।’’

साभार : गूगल

उन्होंने आगे कहा, ‘‘इसके लिए मजबूत कार्यशैली और टीम के अंदर सकारात्मक माहौल बनाना जरूरी है। आरसीबी से मिली करारी हार के बाद निश्चित ही ड्रेसिंग रूम में निराशा होगी, लेकिन यही वह समय है जब टीम को अपने आत्मविश्वास को बनाए रखना चाहिए।’’

अश्विन ने यह भी माना कि युवा खिलाड़ियों से जवाबदेही की उम्मीद करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘सीएसके और आरसीबी के बीच मुकाबला हमेशा हाई-प्रोफाइल होता है। टीम में कई अनुभवहीन खिलाड़ी हैं, इसलिए उनसे किसी तरह का दबाव या जवाबदेही की उम्मीद रखना सही नहीं। वे इस उम्र में खेल का आनंद लेना चाहते हैं और इसी अनुभव से सीखेंगे।’’

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी ने टीम के युवा सितारे संजू सैमसन का समर्थन करते हुए कहा कि शुरुआती तीन मैचों में खराब प्रदर्शन करने के बावजूद वह वापसी करने में सफल होंगे।

डुप्लेसी ने कहा, ‘‘सीएसके की बल्लेबाजी लाइनअप में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। कप्तान रुतुराज गायकवाड ने हमेशा खुद को साबित किया है। संजू सैमसन ने टी20 विश्व कप में अपनी क्षमता दिखाई और आलोचकों को गलत साबित किया।

उनके शीर्ष क्रम में आयुष म्हात्रे जैसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने अपने छोटे आईपीएल करियर में असाधारण प्रदर्शन किया है।’’ उन्होंने आगे जोड़ा, ‘‘उनकी टीम के शीर्ष तीन में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें अपने कौशल का सामूहिक प्रदर्शन करना होगा। यह असंभव है कि संजू टी20 विश्व कप में सफल हों लेकिन आईपीएल में लगातार असफल। उन्हें भरोसा और समय देना होगा।’’

Related Articles

Back to top button