सीएसके की बड़ी गलती! 14.2 करोड़ का खिलाड़ी, फिर भी टीम को हर मैच में नुकसान
आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बहुत खराब रही है। टीम ने अब तक 3 मैच खेले हैं और तीनों में ही उसे हार मिली। पॉइंट्स टेबल में सीएसके सबसे नीचे दसवें नंबर पर है। उसका एक फैसला किसी के भी गले नहीं उतर रहा।
मिनी नीलामी में सीएसके ने ऑलराउंडर प्रशांत वीर पर 14.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। बाएं हाथ का ये युवा बल्लेबाज बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी भी करता है लेकिन अब तक आईपीएल 2026 में वह एक भी गेंद नहीं फेंका है।
सीएसके ने दो मैचों में प्रशांत वीर को खिलाया लेकिन एक भी मैच में उनसे गेंदबाजी नहीं कराई। इससे टीम खुद ही हर मैच में एक तरह से करीब 50 लाख रुपये बर्बाद कर रही है। इस सीजन से आईपीएल में डेब्यू करने वाले प्रशांत वीर ने अब तक 2 मैच खेले हैं।

दोनों ही मैच में सीएसके ने उनका इस्तेमाल ऑलराउंडर के बजाय एक स्पेशलिस्ट बैटर के तौर पर किया है। इन दो मैचों में उन्होंने 49 रन बनाए हैं। एक मैच में 43 रन तो एक अन्य मैच में नाबाद 6 रन। प्रशांत वीर पर सीएसके ने 14.2 करोड़ रुपये खर्च किए थे। लीग स्टेज में हर टीम 14 मैच खेलती है। इस तरह लीग चरण के हर मैच पर सीएसके का प्रशांत वीर पर 14.2/14 करोड़ यानी 1.014 करोड़ रुपये लगा है।
चूंकि प्रशांत वीर ऑलराउंडर हैं तो कह सकते हैं कि 1.014 करोड़ का आधा उनकी बल्लेबाजी और आधा उनकी गेंदबाजी के लिए है। ये राशि होती है 50.7 लाख रुपये प्रति मैच। यानी हर मैच में सीएसके का प्रशांत वीर की बल्लेबाजी पर औसतन 50.7 लाख रुपये और गेंदबाजी पर भी औसतन 50.7 लाख रुपये दांव पर लगा है।
अब सीएसके अगर प्रशांत से गेंदबाजी ही नहीं करा रही तो इसका मतलब ये है कि वह सीधे-सीधे हर मैच में 50.7 लाख रुपये का इस्तेमाल ही नहीं कर रही।
बैटिंग में अगर प्रशांत वीर चलते हैं तो 50.7 लाख रुपये के हिसाब से सीएसके के लिए पैसा वसूल परफॉर्मेंस कर देंगे, लेकिन गेंदबाजी से हो रहे घाटे का क्या? वैसे भी दो मैचों में से सिर्फ 1 में ही प्रशांत की बल्लेबाजी ठीक रही। एक मैच में तो उन्हें ज्यादा गेंद खेलने का मौका ही नहीं मिला और वह नाबाद 6 रन ही बना पाए थे।
इससे पहले रविवार रात को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स को मेजबान आरसीबी के हाथों 43 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 250 रन बनाए थे। जवाब में सीएसके 19.4 ओवर में 207 रन पर सिमट गई। चेन्नई से सरफराज खान ने 50 रन और प्रशांत वीर ने 43 रन बनाए। सिर्फ 25 गेंद में नाबाद 70 रन बनाने वाले आरसीबी के टिम डेविड प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
सीएसके पर जीत के साथ ही आरसीबी 4 अंकों और 2.5 के नेट रनरेट के साथ आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई। ऑरेंज कैप की बात करें तो फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स के समीर रिजवी 160 रनों के साथ अभी टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर हैं। 5 विकेट के साथ राजस्थान रॉयल्स के रवि बिश्नोई के सिर पर पर्पल कैप है।



