इस्तीफों की झड़ी से हिला बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड, स्थिरता पर सवाल
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड में संकट कम होने का नाम नहीं ले रहा है। एक ही दिन में चार इस्तीफे देखने को मिले हैं। हैरानी की बात ये है कि इनमें से ज्यादातर लोगों ने बोर्ड के साथ 6 महीने भी नहीं बिताए हैं।
यही वजह है कि अब बोर्ड की स्थिरता पर सवाल उठ रहे हैं। 25 में से 7 बोर्ड डायरेक्टर इस्तीफा दे चुके हैं। इनमें से 4 का इस्तीफा शनिवार को हुई बोर्ड मीटिंग के बाद आया है। इन लोगों के जाने से मौजूदा बोर्ड प्रशासन के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है।
इस तरह के हालातों के बावजूद, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीबी के प्रेसिडेंट अमीनुल इस्लाम पद छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। उनकी यह बात तब आई जब पिछले साल के चुनाव में कथित गड़बड़ी और पावर के गलत इस्तेमाल की जांच हो चुकी है।

बांग्लादेश सरकार को रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट्स की मानें तो इस जांच में कम से कम चुनावों को सही पाया गया है। हालांकि, कई सवाल अभी भी ज्यों के त्यों हैं। बोर्ड पर स्पोर्ट्स मिनिस्ट्री का दबाव बताया जा रहा है। बीसीबी के अंदर पॉलिटिकल दखल और फेवरिटिज्म के आरोपों भी बोर्ड पर हैं। 4 अप्रैल को इस्तीफा देने वाले चार डायरेक्टर्स में सनियान तनीम, मेहराब आलम, फैयाजुर रहमान और मंजुरुल आलम शामिल हैं।
एक क्रिकेट साइट के हवाले से अमीनुल ने शनिवार को जमुना टीवी से कहा, “मैं अपनी कुर्सी पर बैठा रहूंगा, मैं और क्या कर सकता हूं? मैं जाने वाला आखिरी इंसान होऊंगा। मेरे पास (बीसीबी में) एक बहुत अच्छी, डेडिकेटेड और ईमानदार टीम है। मैं इस टीम के साथ बांग्लादेश क्रिकेट की सेवा करना चाहता हूँ।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं आईसीसी में काम करने वाला अकेला (बांग्लादेशी) था। मैं यह नहीं कह रहा कि मैं कुछ बड़ा हूं, लेकिन मैं अपने अनुभव की वजह से यहां बैठा हूं। मैंने अपने देश को सपोर्ट करने के लिए सब कुछ छोड़ दिया।
अगर यह अब मेरा नहीं रहा, तो मैं दूसरा रास्ता देखूंगा, लेकिन मैं अपने देश को सपोर्ट करना चाहता हूँ। हमारी टीम (बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स) अच्छी है और वे डेडिकेटेड और ईमानदार हैं, इसलिए मैं इस टीम के साथ काम करना चाहता हूं और बांग्लादेश क्रिकेट की सेवा करना चाहता हूं।”
अमीनुल ने ये भी कहा, “हम एक दिन भी आजादी से काम नहीं कर सके, क्योंकि एक बाहरी ताकत हमेशा हमें परेशान कर रही थी और अब भी कर रही है। हमारा क्रिकेट रुका हुआ है और मैंने कई बार कहा है कि एक बाहरी ताकत हमें परेशान कर रही है और इस वजह से हमारे क्रिकेट की रफ़्तार धीमी हो गई है।” शेड्यूल में टकराव के कारण अमीनुल जांच कमेटी के सामने पेश नहीं हुए, लेकिन उन्होंने एक लिखित जवाब सौंप दिया है।
अमीनुल को मई 2025 में बीसीबी का प्रेसिडेंट बनाया गया था, जब उन्होंने बोर्ड में सरकार के मंज़ूर डायरेक्टर फारूक अहमद की जगह ली थी। बाद में उन्होंने अक्टूबर में चुनाव लड़ा और प्रेसिडेंट चुने गए। बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल ने अमीनुल के खिलाफ गलत काम और पावर के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया था और चुनाव की दौड़ से हट गए थे।



