बायर्न म्यूनिख की रोमांचक वापसी, आखिरी मिनट में 3-2 से फ्रीबर्ग पर जीत
लेनार्ट कार्ल ने अतिरिक्त समय के नौवें मिनट में गोल दागकर बायर्न म्यूनिख को फ्रीबर्ग के खिलाफ 3-2 की रोमांचक जीत दिलाई, जिससे टीम बुंदेसलीगा के खिताबी मुकाबले में शीर्ष स्थान पर कायम रही।
फ्रीबर्ग 81वें मिनट तक 2-0 से आगे था और जीत की ओर बढ़ता नजर आ रहा था, लेकिन बायर्न के युवा मिडफील्डरों ने शानदार वापसी करते हुए मैच का पासा पलट दिया। 20 वर्षीय टॉम बिशॉफ ने लंबी दूरी से दो शानदार गोल किए, जबकि 18 वर्षीय कार्ल ने अल्फांसो डेविस के क्रॉस पर निर्णायक गोल कर टीम की जीत पक्की कर दी।
इस जीत के साथ शीर्ष पर मौजूद बायर्न के 28 मैचों में 73 अंक हो गए हैं और उसने दूसरे स्थान पर काबिज बोरुसिया डॉर्टमुंड पर नौ अंकों की मजबूत बढ़त बना ली है। डॉर्टमुंड ने तीसरे स्थान पर मौजूद स्टुटगार्ट को 2-0 से हराया, जबकि बायर लीवरकुसेन ने 1-3 से पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए वोल्फ्सबर्ग को 6-3 से पराजित किया।

अन्य मुकाबलों में आरबी लेपजिग ने वर्डर ब्रेमेन को 2-0 से हराया, जबकि मेंज ने होफेनहाइम को 2-1 से मात दी। यूनियन बर्लिन और ऑग्सबर्ग का मैच 1-1 से ड्रॉ रहा, जबकि बोरुसिया मोनशेंग्लाडबाख और हेडेनहाइम के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ।



