Trending

उद्घाटन से पहले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ी, बनाई जाएगी पांच पुलिस चौकियां

नोएडा : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह से पहले जेवर क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस कमिश्नर ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 5 नई अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की हैं। यह चौकियां एयरपोर्ट के अंदर और बाहर की सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी। पुलिस चौकियों के साथ ही 7 नए पीआरवी/पीसीआर वाहन भी आवंटित किए गए हैं, जिनसे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।

 

एयरपोर्ट के सुरक्षा इंतजामों को जांचने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को नोएडा आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के आने से पहले पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उनके निर्देश पर एयरपोर्ट परिसर के अंदर तीन पुलिस चौकियां और एक्सप्रेसवे और इसके आसपास के क्षेत्र पर नजर रखने के लिए दो पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। उद्घाटन समारोह पूरा होेने तक पांचों चौकियां सुरक्षा व्यवस्था को संभालेंगी।

 

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस सुरक्षा इंतजामों को मजबूत कर रही है। माइल स्टोन-32, कार्गो टर्मिनल और डोमेस्टिक टर्मिनल चौकी की टीम डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन के अंतर्गत काम करेंगी। वहीं, माइल स्टोन-27 चौकी को थाना रबूपुरा और माइल स्टोन-15 चौकी थाना दनकौर के अंतर्गत रखा गया है।

 

पुलिस को मिले सातों नए वाहन सुरक्षा संसाधनों से पूरी तरह से लैस हैं। इसमें मौजूद पुलिस कर्मियों के पास मेटल डिटेक्टर, अत्याधुनिक हथियार, वायरलेस जैसी सुविधाएं हैं। वाहन एयरपोर्ट और इसके आसपास लगातार गश्त करेंगे। एक पीसीआर वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर टोल से फलैदा कट तक गश्त करेगा। दूसरा वाहन एयरपोर्ट के मुख्य रास्तों पर निगरानी रखेगा। दो पीआरवी वाहन बाहरी क्षेत्रों में सुरक्षा संभालेंगे, जहां गांव और आसपास के इलाके आते हैं। तीन अन्य पीआरवी वाहन जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन क्षेत्र में गश्त करेंगे।

 

पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा जॉन डॉ प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि उद्घाटन समारोह को देखते हुए एयरपोर्ट के आसपास के सुरक्षा इंतजामों को बढ़ा दिया गया है। पांच अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित कर अतिरिक्त पीसीआर वाहन तैनात किए गए हैं। सभी को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button