Trending

पीसीबी की दखल से परेशान गैरी कर्स्टन का इस्तीफा, श्रीलंका में नई पारी शुरू

पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपने लगातार बदलते कप्तानों और कोचों की वजह से अक्सर चर्चा में रहती है। गैरी कर्स्टन को भी पीसीबी ने बड़े शोर-शराबे के साथ पाकिस्तान टीम का हेड कोच बनाया था, उनका कार्यकाल भी तय समय तक नहीं चल सका। कर्स्टन ने अब इसके पीछे की वजह बताई है।

पाकिस्तान ने भारतीय टीम को 2011 के वनडे विश्व कप में चैंपियन बनाने में बतौर कोच अहम भूमिका निभाने वाले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी गैरी कर्स्टन को टी20 विश्व कप 2024 से पहले दो साल के अनुबंध पर व्हाइट बॉल क्रिकेट का हेड कोच नियुक्त किया था। हालांकि, कर्स्टन ने महज 6 महीने के भीतर ही अपना पद छोड़ दिया।

पूर्व दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज ने अब पाकिस्तान टीम के हेड कोच पद से इस्तीफा देने की वजह बताते हुए कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की दखलअंदाजी इसके पीछे मुख्य कारण थी।

साभार : गूगल

कर्स्टन के अनुसार, टीम के मामलों में बाहरी दबाव इतना अधिक था कि खिलाड़ियों के साथ एक स्थिर और सकारात्मक माहौल बनाना बेहद मुश्किल हो गया था। उन्होंने कहा कि दखलअंदाजी का स्तर इतना ज्यादा था कि वह परेशान हो गए और उन्होंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा।

उन्होंने यह भी कहा कि जब टीम के नतीजे अनुकूल नहीं आते, तो कोच को ही सबसे आसान निशाना बनाया जाता है। ऐसी परिस्थितियों में टीम के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी कोच पर डालना बेहद आसान हो जाता है।

इस पूर्व सलामी बल्लेबाज ने पीसीबी पर अनुबंध से जुड़ी अनियमितताओं, बकाया भुगतान और बार-बार अनुबंध तोड़ने जैसे आरोप भी लगाए। उन्होंने इन सभी कारणों को अपने इस्तीफे की बड़ी वजह बताया। भारत और पाकिस्तान के बाद अब गैरी कर्स्टन को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है।

टी20 विश्व कप 2026 में श्रीलंका टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद सनथ जयसूर्या ने हेड कोच पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद कर्स्टन को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। कर्स्टन 15 अप्रैल से अपना कार्यभार संभालेंगे। उनका कार्यकाल 2 वर्षों का होगा, जो 2028 में समाप्त होगा।

Related Articles

Back to top button