मोयानो के दो गोल से डायमंड हार्बर शीर्ष पर, आइजोल एफसी को 2-0 से हराया
इंडियन फुटबॉल लीग
आइजोल : एंतोनियो मोयानो के दूसरे हाफ में किए गए दो शानदार गोलों की बदौलत डायमंड हार्बर एफसी ने राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए स्टार सीमेंट इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 के मैच 19 में आइजोल एफसी को 2-0 से हराकर एक प्रभावशाली जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ डायमंड हार्बर एफसी लगातार तीसरी जीत के दम पर नौ अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया, जबकि आइजोल एफसी पांच अंकों के साथ सातवें स्थान पर खिसक गया। एंतोनियो मोयानो को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
आइजोल एफसी – 0 डायमंड हार्बर एफसी – 2 (एंतोनियो मोयानो 47’, 77’)
दोनों टीमों ने 4-3-3 फॉर्मेशन के साथ मैच की शुरुआत की। आइजोल एफसी के मुख्य कोच आर लालरुआतफेला ने अपनी टीम में दो बदलाव करते हुए लालदन माविया और एरिक रेमरुआतपुइया छांगते को शामिल किया। वहीं डायमंड हार्बर के कोच किबू विकुना ने भी दो बदलाव करते हुए संडे कोलावोले अफोलाबी और आर रामदिन्थारा को शुरुआती एकादश में मौका दिया।

मैच की शुरुआत से ही डायमंड हार्बर का दबदबा देखने को मिला। टीम ने लगातार आक्रमण करते हुए 74 प्रतिशत तक गेंद पर कब्जा बनाए रखा। हालांकि आइजोल ने धैर्य बनाए रखा और लगभग 20 मिनट बाद खेल में लय पकड़नी शुरू की।
पहले हाफ के अंत तक मेजबान ने कुछ आधे मौके बनाए, लेकिन डायमंड हार्बर पूरे हाफ में बेहतर टीम रही। आइजोल की मजबूत डिफेंस ने कोई साफ मौका नहीं बनने दिया और मेहमान टीम के मुख्य स्ट्राइकर लुका माजचेन को भी काफी हद तक शांत रखा।

दूसरे हाफ की शुरुआत के तुरंत बाद 47वें मिनट में मैच का पहला गोल आया। आइजोल के डिफेंडर रोह्मिंग थांगा की खराब क्लियरेंस का फायदा उठाते हुए मोयानो ने गेंद अपने कब्जे में ली और सटीक फिनिश के साथ गोलकीपर वानलाल ह्रियातपुइया को छकाते हुए टीम को बढ़त दिला दी।
इसके बाद मैच की रफ्तार तेज हो गई और आइजोल ने बराबरी के लिए आक्रमण तेज किया, लेकिन वे साफ मौके बनाने में नाकाम रहे।77वें मिनट में डायमंड हार्बर ने अपनी बढ़त दोगुनी कर दी। ब्राइस मिरांडा ने दो डिफेंडरों को छकाते हुए शानदार रन लगाया और खाली गोल के सामने मोयानो को पास दिया, जिन्होंने आसानी से अपना दूसरा गोल कर दिया।

दूसरे गोल के बाद डायमंड हार्बर ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया। धुंध और कम रोशनी के कारण खेल कुछ समय के लिए रुका, जिसके चलते 11 मिनट का अतिरिक्त समय जोड़ा गया।
आइजोल को अंत में कुछ कॉर्नर मिले, लेकिन वे डायमंड हार्बर की डिफेंस को कोई खतरा नहीं पहुंचा सके। अंत में मेहमान टीम ने शुरुआत से अंत तक दबदबा बनाए रखते हुए एक महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।



