पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक से दहला काबुल का अस्पताल, जोरदार धमाका के बाद उठा धुएं का गुबार

Pakistan airstrike on Kabul : पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के काबुल में एक अस्पताल पर जबरदस्त एयर स्ट्राइक की है, जिससे अफगानिस्तान में सनसनी फैल गई है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाया गया है कि काबुल में एक ड्रग रिहैबिलिटेशन अस्पताल के ऊपर से आग की लपटें और धुएं का एक बड़ा सा गुबार उठता हुआ दिखाई दे रहा है। इस वीडियो में अस्पताल के ऊपर से जोरदार धमाके की आवाज भी सुनाई दे रही है।
एक अन्य वीडियो में सुरक्षा बल टॉर्च की रोशनी में शवों को बाहर निकालते और दमकलकर्मी आग बुझाने के प्रयास में जुटे हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, इन वीडियो की अभी पुष्टि नहीं हुई है कि ये वास्तविक घटना की हैं या नहीं।
पाकिस्तानी हमले में अब तक का दावा है कि लगभग 400 लोग मारे गए हैं और 250 घायल हुए हैं। अफगानिस्तान के तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि यह हमला अफगानिस्तान में अब तक का सबसे घातक हमला है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि यह हमला रात के लगभग 9 बजे हुआ, जब अस्पताल में करीब 2,000 बिस्तरों की व्यवस्था थी।
अफगानिस्तान के उप-सरकारी प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने इस हमले के दौरान अस्पतालों और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया है। फितरत ने अपने पोस्ट में लिखा, “हम इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं और ऐसे कृत्य को सभी मान्य सिद्धांतों के विरुद्ध तथा मानवता के विरुद्ध अपराध मानते हैं।”
वहीं, पाकिस्तान की ओर से इस घटना पर सफाई दी गई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मुशर्रफ जैदी ने इन आरोपों को खारिज किया है, और कहा है कि काबुल में किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया है। इसके साथ ही, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने यह भी कहा कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल और नंगरहार प्रांत में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए सटीक हवाई हमले किए हैं।



