Trending

श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले गंभीर का बड़ा संदेश, तैयारी में नहीं होगी कोई कमी

भारतीय टीम का हाल के वर्षों में घरेलू मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन निराशाजनक रहा है, लेकिन मुख्य कोच गौतम गंभीर को भरोसा है कि 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए उनकी टीम पूरी तरह तैयार होगी और हर चुनौती का डटकर सामना करेगी।

अभ्यास सत्र से पहले खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए गंभीर ने टीम में शामिल हुए नए खिलाड़ियों, स्पिन गेंदबाजी हरफनमौला सारांश जैन और तेज गेंदबाज आकिब नबी का भी स्वागत किया।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में गंभीर ने कहा, “हम जानते हैं कि हमारे सामने कैसी चुनौती है और हम किस लक्ष्य के लिए खेल रहे हैं। हम कड़ी मेहनत कर सकते हैं, अपनी क्षमता को और बेहतर बना सकते हैं तथा हर तरह से खुद को तैयार कर सकते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “15 अगस्त की सुबह जब मैच शुरू होगा, चाहे हम पहले बल्लेबाजी करें या गेंदबाजी, हमें हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा। इसलिए अभी से अपनी तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़नी है।”

भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट श्रृंखला का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में शुरू होगा।

पिछले दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर 0-2 की निराशाजनक हार के बाद यह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) में भारत का पहला मुकाबला होगा।

सारांश जैन को घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम में जगह मिली है। वहीं, आकिब नबी को चोटिल जसप्रीत बुमराह के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है। पिछले रणजी ट्रॉफी सत्र में नबी ने जम्मू-कश्मीर को पहली बार खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

गंभीर ने सारांश का स्वागत करते हुए कहा, “सारांश, सबसे पहले तुम्हें बधाई। यहां तक पहुंचने के लिए तुमने काफी मेहनत की है। जब भी तुम्हें देश के लिए खेलने का मौका मिले, यह सुनिश्चित करना कि तुम अपने परिवार और देश का नाम रोशन करो।”

आकिब नबी को बधाई देते हुए गंभीर ने कहा, “आकिब, पिछले सत्र तुम्हारा प्रदर्शन शानदार रहा। जम्मू-कश्मीर को रणजी ट्रॉफी जिताना एक बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए तुम्हें एक बार फिर बधाई।”

Related Articles

Back to top button