ऑरेंज आर्मी का कहर, सनराइजर्स लीड्स ने द हंड्रेड में बनाया नया इतिहास
द हंड्रेड लीग के इतिहास का सबसे खतरनाक मैच मंगलवार 4 अगस्त को देखने को मिला, जब देखते ही देखते एक टीम ने 241 रन बोर्ड पर लगा दिए।
100-100 गेंदों के साथ इस टूर्नामेंट में मैच खेले जाते हैं और अभी तक कोई टीम 240 के पार नहीं गई थी, लेकिन सनराइजर्स लीड्स ने ये कारनामा करके दिखा दिया। लीड्स के हेडिंग्ले स्टेडियम में चौके और छक्कों की रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई, जिससे पूरा स्टेडियम थर्रा गया, क्योंकि इतने ज्यादा रन और इतने ज्यादा चौके-छक्के पहले कभी नहीं लगे।
इंग्लैंड में खेली जाने वाली इस प्रतियोगिता का सबसे बड़ा स्कोर अब सनराइजर्स लीड्स के नाम दर्ज हो गया, जिन्होंने लंदन स्पिरिट के सामने 100 गेंदों में 241 रन बनाए।

इस पारी में सनराइजर्स के बल्लेबाजों ने चौकों से ज्यादा छक्के जड़े। 18 चौके और 21 छक्के कुल सनराइजर्स लीड्स के बल्लेबाजों की ओर से आए, जो कि एक रिकॉर्ड है। इतने ज्यादा चौके-छक्के एक पारी में कभी भी देखने को नहीं मिले। इतना ही नहीं, एक मैच में भी इतने छक्के-चौके नहीं लगे, जितने इस मैच में लगे।
सनराइजर्स लीड्स द्वारा 242 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लंदन की टीम 204 रनों तक पहुंच गई। मुकाबला भले ही टीम 37 रनों के अंतर से हार गई, लेकिन मैच को जीतने के लिए टीम ने पूरी जान लगा दी थी।। 30 चौके और छक्के लंदन की टीम ने भी लगाए।
इस तरह इस मैच में कुल 69 चौके-छक्के दोनों पारियों में देखने को मिले, जो कि एक मैच में इस लीग में सबसे ज्यादा रहे। सबसे ज्यादा छक्के एक पारी में भी इसी मैच में लगे। सनराइजर्स लीड्स के बल्लेबाजों ने 21 छक्के लगाकर रिकॉर्ड अपने नाम किया।
इतना ही नहीं, सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप भी इसी मैच में देखने को मिली। मिचेल मार्श और रियान रिकेल्टन के बीच पहले विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी हुई।
दोनों ने सिर्फ 65 गेंदों का सामना किया था। द हंड्रेड लीग की ये सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप है। इसके अलावा सबसे कम गेंदों में संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड हैरी ब्रूक ने बनाया, जिन्होंने 15 गेंदों में ही अर्धशतक जड़ दिया था।
आपको जानकर हैरानी होगी कि सनराइजर्स लीड्स सनराइजर्स हैदराबाद की सिस्टर फ्रेंचाइजी है। एसआरएच ने आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर बनाया हुआ है, जबकि सनराइजर्स लीड्स ने द हंड्रेड लीग में सबसे बड़ा स्कोर बना दिया। इससे पता चलता है कि ऑरेंज जर्सी में ये खेलने वाली ये टीम खतरनाक है।


