Trending

अल्जीरिया फुटबॉल टीम को मिलेगा नया कोच, पेटकोविक का कॉन्ट्रैक्ट खत्म

अल्जीरियाई फुटबॉल फेडरेशन ने आपसी सहमति से राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच व्लादिमीर पेटकोविक और उनके तकनीकी स्टाफ के साथ अपना अनुबंध समाप्त कर दिया है।

एफएएफ ने अपने आधिकारिक बयान में डेजर्ट फॉक्सेस के मुख्य कोच के रूप में 29 महीनों तक सेवाएं देने के लिए पेटकोविक और उनके स्टाफ के प्रोफेशनलिज्म, प्रतिबद्धता और समर्पण की सराहना करते हुए उनका आभार जताया।

फेडरेशन ने बयान में कहा, “दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति के बाद अल्जीरियाई फुटबॉल फेडरेशन यह घोषणा करता है कि राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच व्लादिमीर पेटकोविक और उनके कोचिंग स्टाफ के साथ उनका अनुबंध आज आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है।”

साभार : गूगल

बयान में आगे कहा गया, “अल्जीरियाई फुटबॉल फेडरेशन, राष्ट्रीय टीम के तकनीकी स्टाफ के प्रमुख के रूप में 29 महीनों तक उनकी सेवाओं के दौरान दिखाए गए प्रोफेशनलिज्म, कमिटमेंट और डेडिकेशन के लिए व्लादिमीर पेटकोविक और उनके स्टाफ के सभी सदस्यों का दिल से धन्यवाद करता है।”

स्विट्जरलैंड की राष्ट्रीय टीम और इटली के क्लब लाजियो के पूर्व कोच रहे 62 वर्षीय पेटकोविक को मार्च 2024 में जामेल बेलमाडी के उत्तराधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था। उनके मार्गदर्शन में अल्जीरिया ने 2022 में क्वालिफाई करने से चूकने के बाद 2026 फीफा विश्व कप के लिए सफलतापूर्वक जगह बनाई और टूर्नामेंट में वापसी की।

विश्व कप से कुछ समय पहले ही पेटकोविक का अनुबंध 2028 तक बढ़ा दिया गया था, लेकिन टूर्नामेंट में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद फेडरेशन ने उनसे अलग होने का फैसला किया।

इस वर्ष खेले गए फीफा विश्व कप में अल्जीरिया ग्रुप जे में तीसरे स्थान पर रहा। इसके बावजूद टीम सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमों में शामिल होकर नॉकआउट चरण में पहुंचने में सफल रही, जहां राउंड ऑफ 32 में उसे स्विट्जरलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

पेटकोविक से अनुबंध समाप्त होने के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि अल्जीरियाई फुटबॉल फेडरेशन जल्द ही नए मुख्य कोच की तलाश शुरू करेगा। सितंबर में अल्जीरिया 2027 अफ्रीका कप ऑफ नेशंस के क्वालिफिकेशन अभियान की शुरुआत करेगा, जिसमें उसे जांबिया, टोगो और बुरुंडी के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाइजीरिया के मौजूदा मुख्य कोच एरिक चेले और अनुभवी फ्रांसीसी कोच हर्वे रेनार्ड, पेटकोविक के संभावित उत्तराधिकारियों में प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। हाल ही में रेनार्ड ने ट्यूनीशिया के मुख्य कोच पद से इस्तीफा दिया था।

Related Articles

Back to top button