मोजतबा खामेनेई 90% खत्म’, ईरान पर अमेरिकी हमलों के बीच ट्रंप का बड़ा दावा

नई दिल्ली (राघवेंद्र प्रताप सिंह) : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि मोजतबा खामेनेई 90% खत्म हो गए हैं। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान की सैन्य ताकत पूरी तरह खत्म हो गई है और कई बड़े कमांडर मारे गए हैं।
डोनल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को एक इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि ईरान के पास अब न तो नेवी है और न ही एयरफोर्स। ट्रंप ने कहा कि ईरान का एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम खत्म हो गया है और उनके सारे बड़े नेता मारे गए हैं।
इसके बाद ट्रंप ने कहा कि वे पूरी तरह खत्म हो गए हैं। खामेनेई खत्म हो गए हैं। उनका बेटा 90% खत्म हो गया है। बता दें कि मोजतबा खामेनेई 28 फरवरी के बाद से सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे हैं।
अमेरिका और इजरायल के हमलों में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। तब से ही मोजतबा के जिंदा नहीं होने की अटकलें लगती रहती हैं। ट्रंप ने यह बयान ऐसे वक्त में दिया है, जब अमेरिका-ईरान के बीच कुछ दिन पहले लागू हुआ सीजफायर खत्म हो गया।
ट्रंप ने इस बात के भी संकेत दिए हैं कि अमेरिका जहाजों को होर्मुज से सुरक्षित निकालने के लिए एक फीस लेगा। अमेरिका अब तक दुनियाभर में नेविगेशन की आजादी का समर्थन करता था, लेकिन अब ट्रंप अलग ही रुख अपनाते दिख रहे हैं।
अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान ने होर्मुज से गुजर रहे दो टैंकरों पर हमला किया। इस हमले में भारतीय मूल के एक नाविक की मौत हो गई और 8 घायल हो गए।



