चीनी कंपनी ने बना दिया पहला AI फोन, Step Amoo एआई से होगा लैस, बिना इंटरनेट भी करेगा काम

नई दिल्ली ( इंडियन व्यू टीम) : क्या आप एक ऐसे स्मार्टफोन की कल्पना कर सकते हैं जो एंड्रॉयड या iOS जैसे किसी ऑपरेटिंग सिस्टम पर नहीं बल्कि AI पर चलता हो। दरअसल एक चीनी कंपनी ने दुनिया का पहला AI एजेंटिक फोन बनाने का दावा किया है। इस खास फोन की खबर तब आई है, जब सुनने में आ रहा है कि ओपनएआई भी अपने खुद के स्मार्टफोन पर काम कर रहा है।
एजेंटिक एआई फोन बनाने वाली शंघाई की कंपनी का नाम स्टेपफन (StepFun) है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व कर्मचारियों ने साल 2003 में लॉन्च किया था। इस कंपनी द्वारा पेश किए गए फोन का नाम ‘स्टेपएक्स नियो’ है।
रिपोर्ट्स के अनुसार(REF.), स्टेपफन कंपनी काफी समय से ओप्पो और Geely जैसी बड़ी कंपनियों के लिए एआई सर्विस दे रही है। हालांकि इनके फोन के नाम को लेकर दो तरह की कंफ्यूजन दिखाई दे रही है। दरअसल मार्केट में एक StepX नाम का प्लेटफॉर्म मौजूद है। इसके अलावा यह एलन मस्क की कंपनी SpaceX से भी मिलता-जुलता लगता है।
इस कंपनी का फोन नए स्टेप एओएस पर काम करता है। इस फोन की खासियत बताई जा रही है कि इसमें स्टेप अमू नाम का एक पर्सनल इंटेलिजेंट एआई एजेंट दिया गया है। इस एआई से आम भाषा में बात की जा सकती है।
इस कंपनी का दावा है कि उनके फोन का ओएस एआई एजेंट के लिए एक खास माहौल बनाता है, जो मेमोरी, फैसले लेने और काम करने की कमियों को दूर करता है। रिपोर्ट्स के अनुसार इसकी मेमोरी रिकॉल स्पीड सिर्फ 15 मिलीसेकंड है और तो और यह बिना इंटरनेट के भी काम कर सकता है।



