यूपी में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं, सख्त कार्रवाई करें: मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। अवैध कब्जे और धमकी से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष अवैध कब्जे से जुड़े कई मामले आए, जिनमें पीड़ितों ने आरोपियों पर धमकी देने के आरोप भी लगाए। मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने अवैध कब्जा करने और लोगों को धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों से कहा कि अपराध और अवैध कब्जे से जुड़े मामलों की विवेचना में तेजी लाई जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और दोषियों को कानून के मुताबिक दंड दिलाया जा सके।
जनता दर्शन के दौरान गाजियाबाद, मेरठ और नोएडा से जुड़े एक बिल्डर की शिकायत भी मुख्यमंत्री के समक्ष पहुंची। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि बिल्डर ने एक ही फ्लैट की रजिस्ट्री कई लोगों के नाम कर दी है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने जांच के निर्देश दिए और कहा कि यदि बिल्डर दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।



