भारत-नेपाल सीमा पर नशे के नेटवर्क पर वार, दो नेपाली समेत तीन तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली ( अभिषेक सिंह) : भारत-नेपाल सीमा से सटे रक्सौल में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.60 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में नेपाल के दो युवक भी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से एक बाइक और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। तीनों को मोतिहारी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि होटल नकाशा के समीप, रेलवे स्टेशन रोड तथा नागा रोड स्थित जिला परिषद मार्केट के आसपास कुछ लोग मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में सक्रिय हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस की विशेष टीम ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 9.60 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके अलावा एक बाइक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नेपाल के बागमती प्रदेश के मकवानपुर जिले के हेटौड़ा वार्ड नंबर 15 निवासी दिपेश थिंग (22), सागर कार्की (24) तथा रक्सौल वार्ड संख्या-20 निवासी टार्जन आलम (26) के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पूछताछ में यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी, इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। संभावित तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
आम लोगों से भी अपील की गई है कि मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



