Trending

जम्मू-कश्मीर: अमरनाथ यात्रा के पहले दिन 12,168 तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा में किए दर्शन

नई दिल्ली ( इंडियन व्यू टीम) : जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के पहले दिन 12,168 तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा में दर्शन किए। रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद यात्रा की शुरुआत तड़के ही दोनों आधार शिविरों पहलगाम और बालतल से हुई। आधार शिविरों से संबंधित उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों ने हरी झंडी दिखाकर पुरुष और महिला तीर्थयात्रियों सहित साधुओं को रवाना किया। तीर्थयात्रियों ने “बम बम भोले” के जयकारे लगाते हुए पवित्र गुफा के लिए यात्रा शुरू की।

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अग्रिम पंजीकरण करने के बाद ही तीर्थयात्रा शुरू करें और अपनी निर्धारित यात्रा तिथियों का पालन करें। इसमें कहा गया है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप यात्रा की सुरक्षा और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए तीर्थयात्रियों की दैनिक संख्या पर सीमा निर्धारित की गई है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रत्येक पंजीकृत श्रद्धालु को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तीर्थयात्रा करने का अवसर मिलेगा।

तीर्थयात्रियों से अनुशासन बनाए रखने, सहयोग करने और यात्रा के सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है। दोनों मार्गों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बलों के जवान यात्रा की सुरक्षा और सुचारू संचालन सुनिश्चित कर रहे हैं। 57 दिन की यह तीर्थयात्रा 28 अगस्त तक चलेगी।

Related Articles

Back to top button