Trending

काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में चली गोली, तीन घायल; ज्ञानवापी में तैनात था PAC जवान

वाराणसी (अभिषेक सिंह) : श्रीकाशी विश्वनाथ धाम परिक्षेत्र में शनिवार को नंदू फारिया गली के पास पीएसी के जवान के कंधे से सरक कर गिरी कार्बाइन से दो गोलियां चल गईं। इससे छिटकी सड़क की गिट्टी लगने से तीन लोग जख्मी हो गए। अचानक भीड़ के बीच गोलियां चलने से अफरा-तफरी मच गई। गोलियां चलने की आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी अलर्ट हो गए। मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। लोगों को बताया कि गलती से गोलियां चल गई हैं।

कंधे से सरक कर गिरी कार्बाइन :

पुलिस ने घटना का सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो पीएसी जवान बाएं हाथ में कार्बाइन पकड़े भीड़ को हटा रहा था। कार्बाइन दाहिने हाथ में लेने के चक्कर में रस्सी से फंस कर लाक खुला और अचानक फायरिंग हो गई।

पीएसी जवान खुद चौंकते हुए अपना असलहा देखने लगा। इस बीच दूसरी गोली चल गई। अच्छा रहा कि दोनों फायर नीचे की ओर हुए, लेकिन गिट्टी छिटकने से पास की दुकान में माला-फूल बेच रहे निक्की, रामबाबू और विकास यादव घायल हो गए। घायलों का मंडलीय अस्पताल में उपचार कराया गया।

48वीं वाहिनी पीएसी में उनकी तैनात है अमरनाथ चौहान

डॉक्टरों के अनुसार दो के हाथ में और तीसरे को कमर में पत्थर के टुकड़े लगे हैं। जिस जवान की कार्बाइन से फायर हुआ, उसका नाम अमरनाथ चौहान है। 48वीं वाहिनी पीएसी में उनकी तैनाती है। 1987 बैच के जवान हैं। अगले साल रिटायरमेंट है। फिलहाल, पुलिस उन्हें थाने ले गई है। पीएसी प्रशासन अलग से घटना की जांच कर रही है।

अपर पुलिस आयुक्त शिव हरि मीणा ने कबीरचौरा अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। बताया कि काशी विश्वनाथ धाम के पास नंदू फारिया गली में पीएसी का जवान श्रद्धालुओं की भीड़ को हटा रहा था। उसी समय कार्बाइन से एक्सीडेंटल फायर हुआ। उसके इंपैक्ट से छिटकी गिट्टी से तीन लोग घायल हुए। सभी की हालत खतरे से बाहर है।

Related Articles

Back to top button