बीडब्ल्यूएफ कैलेंडर जारी, अगले दो साल जुलाई में होगी सैयद मोदी इंटरनेशनल की मेजबानी
बैडमिंटन खिलाड़ियों को मिला नया शेड्यूल, 2027-28 कैलेंडर का ऐलान
लखनऊ। बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने वर्ष 2027 और 2028 के विश्व टूर कैलेंडर की घोषणा कर दी है। इसके तहत लखनऊ में आयोजित होने वाला सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट लगातार दूसरे वर्ष भी सुपर-100 श्रेणी में ही खेला जाएगा।
वर्ष 2027 में यह प्रतियोगिता 27 जुलाई से एक अगस्त तक और 2028 में 25 से 30 जुलाई के बीच आयोजित होगी। मंगलवार को जारी बीडब्ल्यूएफ कैलेंडर के अनुसार, 2027 और 2028 के बीच विश्व टूर में सुपर-1000 से लेकर सुपर-100 स्तर तक कुल 35 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे।
इनमें लखनऊ का सैयद मोदी इंटरनेशनल सुपर-100 श्रेणी का हिस्सा रहेगा। वहीं, भारत का दूसरा प्रमुख टूर्नामेंट इंडिया ओपन सुपर-750 अगले वर्ष दो से सात फरवरी 2027 के बीच आयोजित होगा, जबकि 2028 में इसका आयोजन 25 से 30 जनवरी के बीच किया जाएगा।
इस वर्ष यह प्रतियोगिता 13 से 18 जनवरी के बीच नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेली गई थी। इस दौरान कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने वायु प्रदूषण, इंडोर कोर्ट के कम तापमान और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी भी जताई थी।

बीडब्ल्यूएफ के अध्यक्ष खुनिइंग पतामा लीसवादत्राकुल ने कहा, “हमारे लिए खिलाड़ी सर्वोपरि हैं। खेल के वैश्विक दूत और आइकन होने के नाते वे ऐसे माहौल के हकदार हैं, जहां वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें, बेहतर रिकवरी कर सकें और दुनिया भर के प्रशंसकों से जुड़ सकें।”
बीडब्ल्यूएफ ने यह भी स्पष्ट किया कि 2027 और 2028 के विश्व टूर कैलेंडर के सभी टूर्नामेंट नई तीन गेम, प्रत्येक 15 अंक (3×15) की स्कोरिंग प्रणाली के तहत खेले जाएंगे, जो चार जनवरी 2027 से लागू होगी। इसके अलावा, लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए क्वालीफाइंग विंडो तीन मई 2027 से 30 अप्रैल 2028 तक निर्धारित की गई है।



