पंजाब में फुटबॉल खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए राउंडग्लास-एफपीएपी में साझेदारी
चंडीगढ़ : राउंड ग्लास ने आज फुटबॉल प्लेयर्स एसोसिएशन ऑफ पंजाब (एफपीएपी) के साथ एक रणनीतिक सहयोग की शुरुआत की घोषणा की। इस साझेदारी का उद्देश्य पंजाब में खिलाड़ियों को केंद्र में रखकर एक मजबूत और समावेशी फुटबॉल इकोसिस्टम तैयार करना है।
इस सहयोग की घोषणा चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान की गई, जिसमें पूर्व भारतीय फुटबॉलर एवं एफपीएपी के अध्यक्ष अनवर अली, उपाध्यक्ष हरप्रीत सिंह, भारतीय टीम के मौजूदा गोलकीपर अमरिंदर सिंह, भारतीय जूनियर महिला अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गुरनाज़ कौर, इंडियन वुमेंस लीग खिलाड़ी हर मिलियन कौर
पंजाब एफसी के महाप्रबंधक कैप्टन नितिन पंत, राउंडग्लास फुटबॉल डेवलपमेंट सेंटर्स के डिप्टी लीड एवं पूर्व पंजाब एफसी खिलाड़ी बिक्रमजीत सिंह तथा एफपीएपी के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह साझेदारी इंडियन सुपर लीग क्लब पंजाब एफसी के स्वामित्व वाली राउंडग्लास की उस दीर्घ कालिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके तहत खिलाड़ियों को मैदान के भीतर ही नहीं, बल्कि मैदान के बाहर भी संरचित कल्याण, शिक्षा और समग्रविकास के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस सहयोग के तहत दोनों संस्थाएं खिलाड़ियों के पूरे करियर के दौरान उनके हित में कई संरचित और गैर-व्यावसायिक पहलें संयुक्त रूप से संचालित करेंगी। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों के विकास के साथ-साथ राउंडग्लास की “प्लेयर-फर्स्ट” फुटबॉल संस्कृति को और मजबूत करना है।

प्रस्तावित ढांचे के तहत राउंडग्लास और एफपीएपी मिलकर खिलाड़ियों के कल्याण एवं मानसिक स्वास्थ्य, चोटों की रोकथाम और पुनर्वास, वित्तीय साक्षरता, करियर परिवर्तन सहायता, खेल की निष्पक्षता और एंटी-डोपिंग जागरूकता, स्वास्थ्य एवं जीवनशैली शिक्षा, जमीनीस्तर और सामुदायिक सहभागिता, सेवानिवृत्त खिलाड़ियों की मेंटरशिप तथा नीति संवाद जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
इस पहल के तहत एफपीएपी के सदस्यों को राउंडग्लास लिविंग ऐप की निःशुल्क सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे खिलाड़ी अपने समग्र स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और जीवनशैली को बेहतर बनाने के लिए डिजिटल वेल ने ससंसाधनों का लाभ उठा सकेंगे।
इस साझेदारी को कार्यशालाओं, जागरूकता सत्रों, सामुदायिक कार्यक्रमों और दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मिलकर बने एक संयुक्त कार्य समूह (जॉइंट वर्किंग ग्रुप) के माध्यम से लागू किया जाएगा।
इस सहयोग को इस प्रकार तैयार किया गया है कि इसकी सभी गतिविधियां केवल शिक्षा, परामर्श और खिलाड़ियों के कल्याण तक सीमित रहें तथा इनमें खिलाड़ी अनुबंध, रोजगार या प्रशासनिक मामलों से जुड़ा कोई हस्तक्षेप न हो।
इस अवसर पर पंजाब एफसी के महाप्रबंधक कैप्टन नितिनपंत ने कहा, “राउंडग्लास में हमारा हमेशा से मानना रहा है कि किसी खिलाड़ी का विकास केवल तकनीकी प्रशिक्षण और प्रतियोगिता तक सीमित नहीं होता।
शिक्षा, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य, करियर योजना और समग्र विकास के माध्यम से खिलाड़ियों का समर्थन करना एक मजबूत और टिकाऊ फुटबॉल इकोसिस्टम बनाने के लिए बेहद आवश्यक है। एफपीएपी के साथ हमारा यह सहयोग खिलाड़ियों को हमारी हर पहल के केंद्र में रखने की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
हमें विश्वास है कि इस साझेदारी के माध्यम से हम खिलाड़ियों के करियर के हर चरण में उनके लिए सार्थक अवसर तैयार करेंगे और पंजाब के फुटबॉल समुदाय को और मजबूत बनाएंगे।”
यह साझेदारी खिलाड़ियों के साथ विश्वास, विश्वसनीयता और सार्थक जुड़ाव स्थापित करते हुए फुटबॉल इको सिस्टम में दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने के राउंडग्लास के व्यापक दृष्टिकोण को भी दर्शाती है।

इस अवसर पर पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर एवं एफपीएपी के अध्यक्ष अनवर अली ने कहा, “फुटबॉल प्लेयर्स एसोसिएशन ऑफ पंजाब की स्थापना इस विश्वास के साथ की गई थी कि हर फुटबॉलर को मैदान के भीतर और बाहर एक मजबूत सहयोग प्रणाली मिलनी चाहिए।
राउंड ग्लास के साथ यह साझेदारी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। खिलाड़ी कल्याण, शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और करियर विकास के क्षेत्रों में मिलकर काम करके हम खिलाड़ियों को अपने करियर के हर पड़ाव पर बेहतर निर्णय लेने में सक्षम बना सकते हैं।
खिलाड़ियों को प्राथमिकता देने वाले इस दृष्टिकोण को अपनाने के लिए हम राउंडग्लास की सराहना करते हैं और पंजाब के फुटबॉल समुदाय के हित में कई सार्थक पहलें शुरू करने के लिए उत्साहित हैं।” इस पहल के माध्यम से राउंडग्लास का लक्ष्य भारतीय फुटबॉल में खिलाड़ी कल्याण का एक नया मानक स्थापित करना है।
इसके तहत ऐसे टिकाऊ कार्यक्रम विकसित किए जाएंगे जो खिलाड़ियों को मैदान के भीतर और बाहर समान रूप से सहयोग प्रदान करें तथा पंजाब और पूरे देश में फुटबॉल के सतत विकास में योगदान दें।
सितंबर 2025 में स्थापित फुटबॉल प्लेयर्स एसोसिएशन ऑफ पंजाब (एफपीएपी) का उद्देश्य खिलाड़ियों के अधिकारों की रक्षा करना, उनके लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और पूरे राज्य के फुटबॉल खिलाड़ियों को सहयोग प्रदान करना है।एफपीएपी, फुटबॉल प्लेयर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफपीएआई) से संबद्ध है।
इसके माध्यम से फेडरेशन इंटरनेशनल डेस एसोसिएशंस डे फुटबॉलर प्रोफेशनल्स (फ़ीफ़प्रो) यानी प्रोफेशनल फुटबॉल खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय महासंघ से भी जुड़ा हुआ है। यह संगठन पंजाब के जमीनी स्तर से लेकर पेशेवर फुटबॉल खिलाड़ियों तक की सामूहिक आवाज़ के रूप में कार्य करता है।



