राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने सिडनी में इंटरनेशनल यूथ हॉकी कप के फाइनल में बनाई जगह
ऑस्ट्रेलिया में अकादमी की अंडर-18 टीम ने पांचों मुकाबले जीतकर फाइनल में बनाई जगह
चंडीगढ़: राउंडग्लास हॉकी अकादमी (आरजीएचए) ने ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में आयोजित इंटरनेशनल यूथ हॉकी कप 2026 (अंडर-18) में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है।
कोच विकास पाल और टीम मैनेजर संजीव कुमार के मार्गदर्शन में अकादमी की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन सामरिक अनुशासन और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने लगातार पांच मुकाबले जीतकर अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ अपना अजेय अभियान बरकरार रखा।
पांच मैचों में 31 गोल दागे

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने अपने अभियान की शुरुआत न्यू साउथ वेल्स लायंस पर 8-0 की शानदार जीत के साथ की। इसके बाद टीम ने टीम मजुलाह सिंगापुर को 5-0 से हराया और फिर एनएसडब्ल्यू सिंघ्स के खिलाफ कड़े मुकाबले में 5-2 से जीत दर्ज की।
अपनी शानदार लय को बरकरार रखते हुए अकादमी ने चौथे मुकाबले में बॉबी अकादमी को 6-1 से हराया। इसके बाद लीग चरण के अंतिम मुकाबले में शेपार्टन हॉकी अकादमी को 7-1 से पराजित कर ग्रुप चरण का समापन शानदार अंदाज में किया।

इन परिणामों के साथ राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने ग्रुप चरण में सभी मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि एनएसडब्ल्यू सिंघ्स दूसरे स्थान पर रहे।
अब शनिवार को सिडनी में दोनों टीमें खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी। एनएसडब्ल्यू सिंघ्स ने पांच में से तीन मैच जीते, एक ड्रॉ खेला और एक मैच गंवाया, जिसके साथ उन्होंने 10 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। बॉबी अकादमी नौ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।

पूरे ग्रुप चरण में राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पांच मैचों में कुल 31 गोल किए, जबकि केवल चार गोल ही खाए। यह प्रदर्शन टीम की आक्रामक क्षमता के साथ-साथ मजबूत रक्षात्मक खेल को भी दर्शाता है।
अब अकादमी एक और अंतरराष्ट्रीय खिताब से सिर्फ एक जीत दूर है। इससे पहले इसी वर्ष उसने केन्या में आयोजित सिख यूनियन क्लब नैरोबी शताब्दी समारोह हॉकी टूर्नामेंट का खिताब भी अपने नाम किया था।



