केंद्र सरकार ने पासपोर्ट आवेदन शुल्क में वृद्धि की

नई दिल्ली ( अभिषेक सिंह) : सरकार ने पासपोर्ट आवेदन शुल्क में वृद्धि की है। 36 पृष्ठों वाले नए पासपोर्ट या पासपोर्ट को फिर से जारी करने के लिए अब 2 हजार 500 रुपये शुल्क देना होगा। विदेश मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार पासपोर्ट संशोधन नियम 2026 1 जुलाई से प्रभावी होंगे। नई शुल्क संरचना के अंतर्गत तत्काल श्रेणी में 36 पृष्ठों वाले नए पासपोर्ट या पासपोर्ट को फिर से जारी करने की लागत 5 हजार रुपये होगी।
60 पृष्ठों वाले साधारण पासपोर्ट या पासपोर्ट को फिर से जारी करने की लागत 3 हजार 500 रुपये होगी, और तत्काल श्रेणा के पासपोर्ट के लिए यह लागत 6 हजार रुपये होगी। वर्तमान में 36 पृष्ठों वाले पासपोर्ट की लागत 1 हजार 500 रुपये और 60 पृष्ठों वाले पासपोर्ट की लागत 2 हजार रुपये है।
खोए या क्षतिग्रस्त 36 पृष्ठों वाले पासपोर्ट के बदले में नया सामान्य पासपोर्ट जारी कराने के लिए 5 हजार रुपये का शुल्क देना होगा। वहीं, खोए या क्षतिग्रस्त 60 पृष्ठों वाले पासपोर्ट के बदले में नया सामान्य पासपोर्ट जारी करने के लिए 6 हजार रुपये का शुल्क लिया जाएगा।



