Trending

कुवैत में ‘राजस्थान फाउंडेशन चैप्टर’ का गठन, डूंगरपुर के डायालाल कुम्हार बने प्रथम अध्यक्ष

डूंगरपुर : विश्वभर में बसे प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए कुवैत में ‘राजस्थान फाउंडेशन चैप्टर’ का गठन किया गया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री एवं राजस्थान फाउंडेशन के अध्यक्ष द्वारा कुवैत में प्रतिष्ठित प्रवासी समाजसेवी डायालाल कुम्हार (प्रजापति) को इस नवगठित चैप्टर का प्रथम अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। मूल रूप से राजस्थान के डूंगरपुर जिले की गलियाकोट तहसील के गरियाता निवासी डायालाल कुम्हार लंबे समय से कुवैत में सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उनकी इस नियुक्ति से कुवैत सहित दुनिया भर में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों में हर्ष और गौरव का माहौल है।

 

राजस्थान फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्तर पर रह रहे अनिवासी राजस्थानियों (एनआरआर) और राज्य सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का निर्माण करना है। कुवैत चैप्टर के माध्यम से अब खाड़ी देश में रह रहे प्रवासियों को राजस्थान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, निवेश के अवसरों, स्टार्टअप, पर्यटन, शिक्षा तथा कौशल विकास कार्यक्रमों से सीधे तौर पर जोड़ा जा सकेगा। इसके साथ ही यह मंच प्रवासियों को राज्य में उद्योग स्थापना, रोजगार सृजन और सामाजिक विकास परियोजनाओं में भागीदारी निभाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग भी प्रदान करेगा।

 

इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए ‘राजस्थान दर्पण एसोसिएशन’, कुवैत के महासचिव सतीश पंचाल (निवासी पाटिया, उदयपुर) ने कहा कि डायालाल कुम्हार का लंबा अनुभव और नेतृत्व क्षमता कुवैत के प्रवासी राजस्थानी समाज को एक सशक्त मंच देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह चैप्टर राजस्थान सरकार, निवेशकों, उद्यमियों और युवा पेशेवरों के बीच तालमेल बिठाकर राज्य में व्यापार, निवेश, पर्यटन और परोपकारी गतिविधियों को एक नई गति प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगा।

Related Articles

Back to top button