अभय-वेलावन की विजयी शुरुआत, एशियाई युगल स्क्वाश में भारत का दमदार प्रदर्शन
भारतीय स्क्वाश खिलाड़ियों अभय सिंह और वेलावन सेंथिलकुमार की शीर्ष वरीय पुरुष युगल जोड़ी ने गुरुवार को मलेशिया के सारावाक में चल रही तीसरी एशियाई युगल स्क्वाश चैंपियनशिप में अपने खिताब बचाने के अभियान की शानदार शुरुआत की।
गत चैंपियन भारतीय जोड़ी ने पूल ए के मुकाबले में दक्षिण कोरिया के ओ सियोजिन और मिनवू ली की जोड़ी को सीधे सेटों में 11-7, 11-10 से हराया। पुरुष युगल के अन्य मुकाबलों में भारत के राहुल बैथा और सूरज चंद ने पूल बी में सिंगापुर के सैमुअल क्यूएक वेई यि और जस्टिन याप को 11-3, 11-3 से हराकर जीत के साथ अभियान शुरू किया।
हालांकि, उन्हें अपने दूसरे मैच में जापान के नाओकी हयाशी और रेन माकिनो की जोड़ी के खिलाफ 8-11, 11-8, 6-11 से हार का सामना करना पड़ा। मिश्रित युगल वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी वेलावन सेंथिलकुमार और जोशना चिनप्पा ने पूल बी में चीनी ताइपे के कोर्डिला सु और पान होंग रूई को एकतरफा मुकाबले में 11-2, 11-3 से पराजित किया।

महिला युगल में दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी जोशना चिनप्पा और रथिका सीलन ने छह टीमों वाले पूल बी में अपने सभी तीन मुकाबले जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय जोड़ी ने सिंगापुर की जयना लिम और जसिंथा हान को 11-5, 11-5 से हराया।
इसके बाद जापान की सुगिमोटो रिसा और एरिसा सानो की जोड़ी को 11-9, 11-8 से मात दी। उन्होंने अपने तीसरे मुकाबले में हमवतन जानेट विधि और पूजा आरथी को 11-5, 11-8 से शिकस्त दी। सातवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी जानेट विधि और पूजा आरथी ने दिन के अपने अन्य दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर सकारात्मक शुरुआत की।



