Trending

धमाकेदार एक्शन से भरपूर ‘अल्फा’ का ट्रेलर रिलीज

यश राज फिल्म्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म ‘अल्फा’ का ट्रेलर जारी कर दिया है। आलिया भट्ट और शर्वरी अभिनीत यह फिल्म दो साहसी महिलाओं की रोमांचक कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करने जा रही है। ट्रेलर में हाई-ऑक्टेन एक्शन, स्टाइलिश विजुअल्स और रहस्य से भरपूर कहानी की झलक देखने को मिली है। फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है और यह यशराज स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित फिल्म मानी जा रही है।

 

ट्रेलर में बॉबी देओल के किरदार को भी प्रमुखता से दिखाया गया है, जो आलिया के किरदार के मेंटर की भूमिका में नजर आते हैं। कहानी के अनुसार आलिया एक ऐसी असैसिन बनी हैं, जिसे बचपन से ही खतरनाक मिशनों के लिए तैयार किया गया है। आगे चलकर उसे अपने ही मेंटर के खिलाफ मोर्चा खोलना पड़ता है। वहीं शर्वरी का किरदार अभी भी रहस्य में रखा गया है, लेकिन ट्रेलर संकेत देता है कि वह बॉबी देओल को रोकने के मिशन में आलिया की सहयोगी बनेंगी। फिल्म में अनिल कपूर की भी अहम भूमिका है, जिनका संबंध रहस्यमयी ‘अल्फा प्रोग्राम’ से जुड़ा बताया गया है।

 

ट्रेलर का बैकग्राउंड स्कोर भी खास चर्चा में है। इसमें अंतरराष्ट्रीय डीजे ह्यूगल के लोकप्रिय ट्रैक ‘जमैकन बाम बाम’ का इस्तेमाल किया गया है, जो एक्शन दृश्यों को और प्रभावशाली बनाता है। दमदार एक्शन, रोमांच और महिला शक्ति के अनोखे मिश्रण के साथ ‘अल्फा’ 3 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Articles

Back to top button