Trending

सचिन तेंदुलकर की सलाह बनी जेमिमा की ताकत, विश्व कप जीत की कहानी आई सामने

भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स का बोलना है कि महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के एक फोन कॉल ने उन्हें एकाग्रता वापस पाने में मदद की क्योंकि पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला वनडे विश्व कप सेमीफाइनल में खेली गई अपनी यादगार पारी के बाद वह काफी भावुक और उत्साहित थीं।

जेमिमा ने नाबाद 127 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को पिछले साल नवी मुंबई में अपना पहला विश्व खिताब जीतने के रास्ते में दुनिया की सबसे मजबूत टीम ऑस्ट्रेलिया को हराने में मदद की। उन्होंने कहा कि तेंदुलकर की सलाह ने उन्हें एकाग्रता बनाए रखने में मदद की।

जेमिमा ने कहा, ‘‘सचिन सर ने मेरे कोच प्रशांत शेट्टी को फोन किया। उन्होंने उनसे कहा कि वह मुझे बताएं कि वह समझते हैं कि पिछले कुछ दिन मेरे लिए बहुत भारी रहे हैं, सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ी पारी खेलना, उन्हें हराने की खुशी।’’

साभार : गूगल

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन उन्होंने मुझे याद दिलाया कि काम अभी खत्म नहीं हुआ है। हमें अब भी फाइनल जीतना था। उन्होंने कहा, ‘उसे एक तरफ रखने की कोशिश करो और शून्य से शुरुआत करो’। उस संदेश ने मेरा मन शांत करने में काफी मदद की।’’

जेमिमा ने कहा, ‘‘मैं समझ गई कि आपने पहले क्या किया है उससे आप अगला मैच नहीं जीत सकते। आपको हर मैच को एक नई शुरुआत के तौर पर लेना चाहिए। एक दिग्गज की उस सलाह ने फाइनल से पहले मुझे बहुत स्पष्टता दी।’’

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में शेफाली वर्मा (87 रन और दो विकेट) के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन ने भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। सलामी बल्लेबाज शेफाली ने बताया कि उस समय उनके पिता की कही बातों ने उन्हें बहुत हिम्मत दी।

शेफाली ने कहा, ‘‘फाइनल से पहले हमें दो दिन का आराम मिला था। मेरे पिता ने मुझे एक वॉयस नोट भेजा। उन्होंने कहा, ‘बस कड़ी मेहनत करो। मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ दो और ऐसा कुछ कर दिखाओ कि इतिहास में लिखा जाए कि शेफाली वर्मा ने भारत को विश्व कप जिताने में मदद की’।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उस वॉयस नोट ने मेरे अंदर एक नई ऊर्जा भर दी। मुझे पता था कि मुझे सिर्फ अपने लिए नहीं बल्कि उनके और टीम के लिए भी अच्छा प्रदर्शन करना है। इसी बात ने मुझे मैदान पर अपना सब कुछ झोंक देने के लिए प्रेरित किया।’’

मौजूदा वनडे विश्व चैंपियन भारत रविवार को बर्मिंघम में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप के अपने शुरुआती मैच की तैयारी कर रहा है।

Related Articles

Back to top button