Trending

कोहली के बल्ले से निकला खिताबी छक्का, आरसीबी लगातार दूसरी बार चैंपियन

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इतिहास रचते हुए लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से शिकस्त दी।

बेंगलुरु की इस ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, जिन्होंने दबाव के क्षणों में नाबाद 75 रन की आक्रामक पारी खेली और 18वें ओवर में शानदार छक्का जड़कर टीम को लगातार दूसरा खिताब जिताया। बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।

पहले बल्लेबाजी करने आई गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले में ही कप्तान शुभमन गिल (10 रन) और साई सुदर्शन (12 रन) के विकेट गंवा दिए। निशांत सिंधु (20 रन) और जोस बटलर (19 रन) भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।

@RCBTweets

एक समय गुजरात टीम संकट में थी, लेकिन संकटमोचक बने वॉशिंगटन सुंदर ने शानदार अर्धशतक (50 रन) जड़कर टीम को संभाला। अंतिम ओवरों में अरशद खान ने भी 15 रन की तेज पारी खेली। गुजरात ने 155 रन बनाए। बेंगलुरु से किफायती और घातक गेंदबाजी करते हुए रसिख सलाम ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके, जबकि जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार को भी सफलताएं मिलीं।

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु को इम्पैक्ट प्लेयर वेंकटेश अय्यर (32 रन) और विराट कोहली ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने मैदान के चारों तरफ चौके-छक्कों की बरसात करते हुए पावरप्ले में टीम का स्कोर 70 रन तक पहुंचा दिया।

कगिसो रबाडा ने देवदत्त पडिक्कल (1 रन) को आउट कर सीजन का अपना 29वां विकेट लिया और पर्पल कैप की रेस में शीर्ष पर पहुंचे। मध्यक्रम में राशिद खान ने एक ही ओवर में रजत पाटीदार (15) और क्रुणाल पंड्या (1) को आउट कर गुजरात की मैच में वापसी कराने की कोशिश की।

@IPL

टिम डेविड (24 रन) के आउट होने के बाद मैच थोड़ा फंसा, लेकिन अनुभवी विराट कोहली ने एक छोर मजबूती से थामे रखा। कोहली ने महज 25 गेंदों में आईपीएल फाइनल का अपना सबसे तेज अर्धशतक पूरा किया। 16वें ओवर में शुभमन गिल द्वारा एक विवादित कैच छोड़े जाने के बाद कोहली को जीवनदान मिला, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया।

18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर पहले उन्होंने चौका लगाकर स्कोर बराबर किया और अगली ही गेंद पर गगनचुंबी छक्का जड़कर 161 रन बनाकर बेंगलुरु को चैंपियन बना दिया। कोहली 75 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे।

Related Articles

Back to top button