श्रीमती हेमलता पाठक मेमोरियल जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट में पहले राउण्ड के हुए मुकाबले
लखनऊ। एक्सीलिया स्कूल और एक्सीलिया बैडमिंटन अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्रीमती हेमलता पाठक मेमोरियल ओपन जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट का उद्घाटन शनिवार को लखनऊ बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष राम मोहन अग्रवाल और एक्सीलिया स्कूल के चेयरमैन पुनीत पाठक ने किया।
उद्घाटन के पश्चात 11 वर्ष, 13 वर्ष और 15 वर्ष के बालक-बालिकाओं के मुकाबले खेले गए। 11 वर्ष बालिकाओं के वर्ग में पहले राउण्ड में अनविका ने प्रकृति को 30-3, लक्षिता यादव ने अनुषा त्रिपाठी को 30-17, किमाया ने अनन्या सिंह को 30-4 और कषिका खन्ना ने तक्ष्णवी को 30-22 से कड़े मुकाबले में पराजित किया।
बालक वर्ग में समृद्ध पाण्डे ने देवाश यादव को 30-19, व्योम सिंह ने अभ्युदय मिश्रा को 30-17, नाव्या शर्मा ने अखिलेन्द्र को 30-5, आरव ने हर्ष को 30-5, आदविक वर्मा ने केविन प्रभाकर को 30-19, मोक्ष सिंह राठौर ने वैदिक को 30-14, अब्बास रिजवी ने देवांश को 30-25 और लक्ष्य यादव ने आशुतोष वर्मा को 30-16 से हराया। इसके अतिरिक्त बालक-बालिकाओं के 13 वर्ष और 15 वर्ष तक के मुकाबले देर रात तक जारी रहे।

कार्यक्रम में इससे पूर्व अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित किया और एक्सीलिया स्कूल के संस्थापक चेयरमैन दयाशंकर पाठक और हेमलता पाठक के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजिल अर्पित की।
इस अवसर पर स्कूल के चेयरमैन पुनीत पाठक, वाइस चेयरपर्सन मंजू पाठक, लखनऊ बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष राम मोहन अग्रवाल, निदेशक आशीष पाठक, शालिनी पाठक, प्रधानाचार्या मीनू श्रीवास्तव, मेंटर डॉ. एसके मिश्रा, भारतीय जूनियर टीम के पूर्व कोच एवं एक्सीलिया बैडमिंटन एकेडमी के मुख्य कोच देवेन्द्र कौशल एवं संयोजक श्री प्रवीण पाण्डे समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी और अभिभावक मौजूद रहे।
लखनऊ बैडमिंटन एसोसिएशन से संबद्ध यह प्रतियोगिता विभिन्न वर्गों में आयोजित की जा रही है। जिसमें बालक-बालिका 11 वर्ष, 13 वर्ष, 15 वर्ष, 17 वर्ष, 19 वर्ष एवं सीनियर वर्ग के महिला एवं पुरुष वर्ग व युगल वर्ग के मुकाबले खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन दिनांक 2 जून को सायं पुरस्कार वितरण के साथ होगा।



