IPL 2026 के फाइनल से पहले RCB फैंस को झटका, सेलिब्रेशन पर लगा बैन!

IPL 2026 : आईपीएल 2026 का फाइनल मैच 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। उससे पहले बेंगलुरु पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।
आईपीएल 2026 के फाइनल से ठीक पहले RCB फैंस को बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को बेंगलुरु पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि आरसीबी के जीतने पर पटाखे न फोड़ें और सड़कों पर भारी संख्या में इकट्ठा होकर सेलिब्रेशन न करें। पिछले साल 4 जून को बेंगलुरु स्थित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी।
बता दें कि आईपीएल 2026 का फाइनल मैच रविवार, 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस खिताबी भिड़ंत में आमने-सामने होंगी। बेंगलुरु 2025 सीजन की चैंपियन और गुजरात 2022 सीजन की चैंपियन रही है, ऐसे में दोनों टीमों के पास दूसरी बार खिताब जीतने का मौका है।
बेंगलुरु पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि मैच के नतीजे के बाद सार्वजनिक स्थानों पर सेलिब्रेशन से बचा जाए। सड़कों पर एलईडी वॉल्स लगाने पर भी सख्ती बरती जाएगी और बिना अनुमति किसी भी तरह का लाइव टेलीकास्ट नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक जगहों पर शराब सेवन से भी बचने की सलाह दी गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
इसके साथ ही पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी की बात कही है और लोगों से अपील की है कि कोई भी आपत्तिजनक या भावनाएं आहत करने वाली पोस्ट न करें। पुलिस ने उम्मीद जताई है कि लोग नियमों का पालन करेंगे और सहयोग देंगे।



