Trending

पाटीदार का प्रहार, आरसीबी फाइनल में तैयार: गुजरात टाइटंस 92 रन से ध्वस्त

कप्तान रजत पाटीदार (नाबाद 93 रन) की विस्फोटक पारी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन से गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल के पहले क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस को 92 रन से रौंदकर पांचवीं बार फाइनल में जगह पक्की की।

पाटीदार ने कुछ जीवनदान मिलने के बाद अंत के ओवरों में गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। अनुभवी विराट कोहली और कृणाल पंड्या ने 43-43 रनों की पारियां खेलीं। आरसीबी ने 254 रन बनाने के बाद टाइटंस को 162 रन पर आउट कर लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की ओर मजबूत कदम बढ़ाया।

इस हार के बाद टाइटंस को 29 मई को दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जाने वाले एलिमिनेटर मुकाबले के विजेता से भिड़ना होगा। बड़े स्कोर का पीछा करते समय टाइटंस के बल्लेबाज पूरी तरह दबाव में आ गए और लगातार विकेट गंवाते रहे। टीम ने पावरप्ले में ही पांच विकेट गंवा दिए, जिससे आरसीबी की जीत दूसरी पारी के छठे ओवर में ही लगभग तय हो गई।

© BCCI

राहुल तेवतिया ने 68 रन बनाकर टाइटंस को शर्मनाक हार से बचाने की कोशिश की। उनके अलावा सिर्फ जोस बटलर (29) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर सके। आरसीबी से जैकब डफी ने तीन विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार, कृणाल पंड्या और रसिख सलाम ने दो-दो विकेट चटकाए। जोश हेजलवुड को एक सफलता मिली।

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार लय में चल रहे साई सुदर्शन (14) ने पहले ओवर में डफी के खिलाफ लगातार दो चौकों के साथ आक्रामक शुरुआत दिलाई, लेकिन इस गेंदबाज के अगले ओवर में वह हिट विकेट हो गए। उनका बल्ला हाथ से छूटकर विकेटों से टकरा गया। बटलर ने क्रीज पर आते ही चौका और छक्का लगाया, लेकिन भुवनेश्वर ने कप्तान शुभमन गिल (दो) को बोल्ड कर टाइटंस को बड़ा झटका दिया।

इन विकेटों से बेपरवाह बटलर ने हेजलवुड के खिलाफ दो चौके और एक छक्का जड़ा, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के इस गेंदबाज ने ओवर की चौथी गेंद पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान को बोल्ड कर मैच पर आरसीबी का दबदबा कायम कर दिया। बटलर ने 29 रन बनाए। रसिख ने अपनी पहली ही गेंद पर निशांत सिंधू (पांच) का शानदार कैच लपकने के बाद जेसन होल्डर को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया, जिससे टीम का स्कोर दो विकेट पर 51 रन से पांच विकेट पर 51 रन हो गया।

© BCCI

वाशिंगटन सुंदर (आठ) हेजलवुड का दूसरा, जबकि राशिद खान (आठ) डफी का तीसरा शिकार बने। मैच लगभग हाथ से निकल जाने के बाद तेवतिया ने कुछ करारे प्रहार करते हुए अपनी सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक खेली और 2020 के बाद इस लीग में अपना पहला अर्धशतक जड़ा। हालांकि, उनकी इस पारी से टाइटंस की हार का अंतर ही कम हो सका। वह पारी के 19वें ओवर में भुवनेश्वर की गेंद पर पाटीदार को कैच देकर आउट हुए।

इससे पहले आरसीबी की पारी की शुरुआत बेहद आक्रामक अंदाज में हुई, जहां वेंकटेश अय्यर ने मोहम्मद सिराज के खिलाफ शानदार स्ट्रोकप्ले दिखाते हुए शुरुआती ओवरों में तीन चौके लगाए। रबाडा ने हालांकि उन्हें 19 रन पर पवेलियन भेज दिया।

रबाडा ने तेज और उछाल भरे स्पेल से कोहली को भी कड़ी चुनौती दी, लेकिन कोहली ने धैर्य और तकनीक के साथ खुद को संभालते हुए 43 रनों की तेज पारी खेली। दूसरे छोर पर देवदत्त पडिक्कल ने भी 30 रन बनाकर अच्छा योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर पावरप्ले में टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और आरसीबी को छह ओवरों के बाद एक विकेट पर 76 रन तक पहुंचा दिया।

टाइटंस ने बीच के ओवरों में सधी हुई गेंदबाजी के दम पर मुकाबले में वापसी करने की कोशिश की। राशिद ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए रन गति पर लगाम लगाई और दबाव बनाए रखा। इसके बाद होल्डर ने दो गेंदों के भीतर बड़ा असर डालते हुए विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल को पवेलियन भेज दिया, जिससे आरसीबी की रफ्तार अचानक थम गई।

कुलवंत खेजरोलिया ने भी शुरुआत में कसी हुई गेंदबाजी की, और इस बीच ऐसा लगने लगा कि गुजरात टाइटंस ने मैच पर नियंत्रण फिर से हासिल कर लिया है। मैच का रुख हालांकि 14वें ओवर में पूरी तरह बदल गया, जब पाटीदार को प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदों पर दो बार जीवनदान मिला। उस समय पाटीदार 18 और 20 रन के स्कोर पर खेल रहे थे।

इसके बाद कुलवंत खेजरोलिया का एक ओवर काफी महंगा साबित हुआ, जिसमें खराब क्षेत्ररक्षण और दो नो-बॉल व एक वाइड सहित कुल 28 रन बने। पाटीदार ने फिर मौके का पूरा फायदा उठाते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की और राशिद खान तथा अन्य गेंदबाजों पर लगातार प्रहार किया। इस दौरान पंड्या ने भी तेज पारी खेली।

दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 95 रनों की तेज साझेदारी को रबाडा ने तोड़ा, लेकिन तब तक पाटीदार टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे। उन्होंने छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत तक आक्रामक खेल जारी रखा। आरसीबी ने आखिरी छह ओवरों में 114 रन जोड़कर आईपीएल प्लेऑफ इतिहास के सबसे बड़े स्कोरों में से एक खड़ा कर दिया।

Related Articles

Back to top button