Trending

चेन्नई सुपर किंग्स को तगड़ा झटका, चोटिल जेमी ओवर्टन लौटे इंग्लैंड

आईपीएल के अहम पड़ाव पर चेन्नई सुपर किंग्स को तगड़ा झटका लगा है। शुरुआती लड़खड़ाहट के बाद प्लेऑफ की तरफ मजबूती से कदम बढ़ाती सीएसके के तेज गेंदबाज जेमी ओवर्टन चोट के चलते अपने वतन इंग्लैंड लौट चुके हैं। उनकी दाहिनी जांघ में चोट लगी है।

चेन्नई सुपर किंग्स ने लिखा, ‘जेमी ओवर्टन की दाहिनी जांघ में इंजर है और वह आगे की जांच और मैनेजमेंट के लिए यूके लौटेंगे।’ सीएसके अभी पॉइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर है। उसने अभी तक 11 मैच खेले हैं जिनमें से 6 में उसे जीत मिली है और 5 में हार का सामना करना पड़ा है।

प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीदें अभी जिंदा हैं। लीग चरण में अभी उसके 3 मैच बचे हैं और इनमें से एक भी हार से उसके प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लग सकता है। ऐसे अहम मौके पर जेमी ओवर्टन का चोटिल होना टीम को भारी पड़ सकता है।

@ChennaiIPL

चेन्नई सुपर किंग्स ने ये नहीं बताया है कि जेमी ओवर्टन कितने दिनों तक उपलब्ध नहीं रहेंगे। क्या वह लीग स्टेज में टीम के बचे हुए 3 मैचों में से कोई खेल भी सकेंगे या इस सीजन के बाकी हिस्सों के लिए बाहर हो चुके हैं। सीएसके को शुक्रवार को लखनऊ में लखनऊ सुपर जॉइंट्स के खिलाफ खेलना है और ये तो तय है कि इस मैच में जेमी ओवर्टन नहीं दिखेंगे।

ओवर्टन ने टूर्नामेंट में 10 मैच खेले हैं जिनमें उनके नाम 14 विकेट हैं। वह टीम की तरफ से इस सीजन में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। 11 मई को चेन्नई में लखनऊ सुपर जॉइंट्स के खिलाफ खेले गए मैच में वह प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। मुकाबले में उन्होंने 36 रन देकर 3 विकेट झटके थे। इसी से पता चलता है कि ओवर्टन की गैरमौजूदगी सीएसके के लिए कितना बड़ा झटका है।

चेन्नई सुपर किंग्स टूर्नामेंट की शुरुआत से ही खिलाड़ियों की चोट की समस्या से जूझ रही है। बुधवार को ही उसने अपने एक अन्य चोटिल गेंदबाज रामकृष्ण घोष के रीप्लेसमेंट के तौर पर कर्नाटक के ऑलराउंडर मैकनिल हेडली नोरोन्हा को साइन किया था। इससे पहले सीएसके ने नाथ एलिस के रीप्लेसमेंट के तौर पर स्पेंसर जॉनसन को जोड़ा जो खुद चोट का शिकार हो गए।

धाकड़ पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी कॉफ इंजरी से पीड़ित थे। वह टूर्नामेंट में अभी तक एक भी मैच नहीं खेले हैं। शुक्रवार को लखनऊ सुपर जॉइंट्स के खिलाफ मैच में भी वह नहीं दिखेंगे। सीएसके के प्रमुख तेज गेंदबाज खलील अहमद भी चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। उनके अलावा स्टार बल्लेबाज आयुष म्हात्रे भी टूर्नामेंट के दौरान चोटिल होकर बाहर हो चुके हैं।

Related Articles

Back to top button