पेरिस सेंट-जर्मेन ने रचा इतिहास, लगातार पांचवीं बार जीता लीग 1 खिताब
पेरिस सेंट-जर्मेन ने लगातार पांचवीं बार लीग 1 का खिताब अपने नाम कर लिया है। डी लेंस के खिलाफ 2-0 की जीत के बाद पीएसजी को आधिकारिक तौर पर फ्रांस की इस प्रतिष्ठित लीग का चैंपियन घोषित किया गया। लेंस पर मिली यह जीत 2025-26 सीजन में घर से बाहर खेलते हुए पीएसजी की 11वीं जीत रही।
यह इस डिवीजन में किसी भी टीम द्वारा दर्ज की गई सबसे अधिक अवे जीत है। पीएसजी ने अपने इतिहास का 14वां टॉप-फ्लाइट खिताब जीता है। इसके साथ ही क्लब ने पहली बार लगातार पांचवीं बार लीग 1 का खिताब अपने नाम किया है। यह क्लब की कुल 59वीं ट्रॉफी भी है। फ्रांस के सबसे दमदार फुटबॉल क्लबों में शामिल पीएसजी ने 2025-26 सीजन में यह चौथा खिताब जीता है।
इससे पहले क्लब यूईएफए सुपर कप, फीफा इंटरकॉन्टिनेंटल कप और ट्रॉफी डेस चैंपियंस का खिताब भी अपने नाम कर चुका है। पीएसजी के मुख्य कोच लुइस एनरिक ने कहा, “हमने इस सीजन में शीर्ष पर बने रहने के लिए जरूरी स्तर और महत्वाकांक्षा दिखाई। हम बेहद खुश हैं क्योंकि इस ट्रॉफी को जीतना काफी मुश्किल था। लेंस ने शानदार चैंपियनशिप खेली।

इस स्टेडियम में खेलना एक बड़ा मुकाबला था, क्योंकि अगले सीजन में हम दोनों टीमें चैंपियंस लीग में होंगी। हमें इस पल का आनंद लेना चाहिए।” लगातार दूसरे यूईएफए चैंपियंस लीग फाइनल में पहुंचने के बाद अब लुइस एनरिक की टीम 30 मई को बुडापेस्ट में आर्सेनल के खिलाफ एक और इतिहास रचने की कोशिश करेगी।
पीएसजी के अध्यक्ष नासिर अल-खेलाईफी ने कहा, “हमें इस 14वें फ्रेंच लीग खिताब पर बहुत गर्व है, जो क्लब के इतिहास में पहली बार लगातार पांचवां लीग टाइटल है। खिलाड़ियों, लुइस एनरिक, लुइस कैम्पोस और सभी बैकरूम स्टाफ को उनके शानदार काम के लिए बधाई।
यह सफलता पेरिस सेंट-जर्मेन में सभी के बेहतरीन टीम प्रयास और हमारी अकादमी की ताकत का नतीजा है, खासकर पांच युवा खिलाड़ियों के प्रोफेशनल डेब्यू के साथ। हमारा फोकस अब पूरी तरह से बुडापेस्ट में होने वाले आगामी मुकाबलों पर है और हमें अभी बहुत काम करना है, क्योंकि हम साथ मिलकर लगातार इतिहास रचते रहना चाहते हैं।”



