सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी- चिराग शेट्टी की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में, सिंधु भी आगे बढ़ीं
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और थॉमस कप कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी तथा चिराग शेट्टी ने गुरुवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट थाईलैंड ओपन 2026 के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
विश्व नंबर 12 सिंधु ने डेनमार्क की शटलर अमाली शुल्ज को सिर्फ 28 मिनट में 21-13, 21-15 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इससे पहले पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु ने पहले दौर में चीनी ताइपे की तुंग सिउ-टोंग को 21-9, 21-12 से मात दी थी।
अब क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला मौजूदा विश्व चैंपियन जापान की अकाने यामागुची से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में सिंधु 15-13 से आगे हैं। सात्विक और चिराग की भारतीय जोड़ी ने मलेशिया के ब्रायन जेरेमी गूनटिंग और मुहम्मद हाइकल को सीधे गेमों में 21-12, 21-19 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।

खास बात यह है कि भारतीय जोड़ी ड्रॉ में शीर्ष वरीयता प्राप्त एकमात्र टीम है और इससे पहले 2019 तथा 2024 में इस टूर्नामेंट का खिताब भी जीत चुकी है। अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उनका सामना जापान की छठी वरीय जोड़ी ताकुमी नोमुरा और युइची शिमोगामी से होगा।
थॉमस कप में कांस्य पदक जीतने के बाद थाईलैंड ओपन में उतरी सात्विक-चिराग की जोड़ी ने पहले दौर में इंडोनेशिया के मुह पुत्रा एरवियनस्याह और बगास मौलाना को 21-19, 21-23, 21-10 से हराकर अभियान की शुरुआत की थी।
पुरुष एकल में श्रीकांत किदांबी ने पहले दौर में सिंगापुर के आठवीं वरीयता प्राप्त लोह कीन यू को सीधे गेमों में 21-14, 21-15 से हराया था। वहीं चोट से वापसी कर रहे लक्ष्य सेन ने सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह को 43 मिनट में 21-16, 21-17 से मात देकर टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया।
महिला एकल में देविका ने शुरुआती दौर में जापान की एन. निदाइरा को हराया था, जबकि विश्व नंबर 50 खिलाड़ी बंसोड़ ने चीन की झांग वेन यू के खिलाफ 13-21, 26-24, 21-13 से रोमांचक जीत दर्ज की। हालांकि, विश्व नंबर 48 भारतीय खिलाड़ी अनमोल खार्ब का सफर बुधवार को पहले ही दौर में समाप्त हो गया। उन्हें विश्व नंबर 4 चेन यू फेई के खिलाफ एक घंटे 10 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 21-19, 13-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा।



