Trending

तमिलनाडु में टीवीके विधायक प्रभाकर का विधानसभा अध्यक्ष बनना तय

चेन्नई : तमिलनाडु की 17वीं विधानसभा के अध्यक्ष पद पर तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के विधायक जेसीडी प्रभाकर का निर्विरोध निर्वाचन तय है।

 

विधानसभा अध्यक्ष पद के चुनाव में नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सोमवार को सिर्फ प्रभाकर ने नामांकन किया। इस कारण उनके निर्विरोध निर्वाचन की सिर्फ घोषणा बाकी है।

 

सत्तारूढ़ टीवीके के मुताबिक विधानसभा अध्यक्ष पद पर निर्वाचन की घोषणा मंगलवार को आधिकारिक रूप से की जाएगी, जिसके बाद वे सदन की कार्यवाही के संचालन की अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।

 

इसी क्रम में विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिए तुरैयूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविशंकर के नाम पर भी सहमति बन गई है। ऐसी उम्मीद है कि विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन की घोषणा के बाद उपाध्यक्ष पद पर रविशंकर के नाम की घोषणा भी कर दी जाएगी।

 

73 वर्षीय प्रभाकर एक अनुभवी राजनेता हैं। उन्होंने इसी वर्ष जनवरी में टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय की उपस्थिति में टीवीके की सदस्यता ग्रहण की थी। हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में उन्होंने थाउजेंड लाइट्स निर्वाचन क्षेत्र से द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के उम्मीदवार एझिलन नागनाथन को 15,141 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की थी।

 

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रभाकर का निर्विरोध चुना जाना न केवल उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता को दर्शाता है, बल्कि विधानसभा में मौजूदा संतुलन और सहमति की स्थिति को भी उजागर करता है। उनके अध्यक्ष बनने के बाद सदन की कार्यवाही अधिक व्यवस्थित, संतुलित और प्रभावी रूप से संचालित होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button